सर्वाइकल कैंसर से बचाव की बड़ी पहल, सीएमओ ने एचपीवी टीकाकरण अभियान का किया सीएमओ ने औचक निरीक्षण 14 वर्ष की किशोरियों का समय पर टीकाकरण कराने की अभिभावकों से अपील, कवरेज बढ़ाने पर जोर एचपीवी के चार खतरनाक प्रकारों से सुरक्षा देता है टीका, भविष्य में सर्वाइकल कैंसर का खतरा होता है बेहद कम

रिपोर्ट : नवीन यादव | VERDICT NEWS

झांसी। महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान को गति देने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने गुरुवार को विकासखंड बड़ागांव के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर बराटा एवं कंपोजिट विद्यालय पारीछा में आयोजित टीकाकरण सत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टीकाकरण व्यवस्था का जायजा लिया और स्वास्थ्य कर्मियों को अधिक से अधिक पात्र किशोरियों तक अभियान पहुंचाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रविशंकर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव के अधीक्षक डॉ. वैभव पुरोहित तथा एआरओ आर.एम. मौर्य भी मौजूद रहे।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर बराटा में एएनएम सुनीता खरे द्वारा टीकाकरण किया जा रहा था। सीएमओ की मौजूदगी में मोहिनी, किंजल, दिव्यांशी और अंतरा सहित 14 किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाया गया। वहीं कंपोजिट विद्यालय पारीछा में एएनएम रीमा यादव ने 2 किशोरियों का टीकाकरण किया।

सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि जिन बेटियों की आयु 14 वर्ष पूर्ण हो चुकी है और जिन्होंने अभी 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है, उनका एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि यह टीका ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) से होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है।

उन्होंने बताया कि यह चतुर्मूल्य (क्वाड्रिवैलेंट) वैक्सीन है, जो एचपीवी के 6, 11, 16 और 18 प्रकारों से सुरक्षा प्रदान करती है। भारत में सर्वाइकल कैंसर के लगभग 83 प्रतिशत मामलों के लिए एचपीवी के 16 और 18 प्रकार जिम्मेदार हैं। समय पर टीकाकरण कराने से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर होने की आशंका काफी हद तक कम हो जाती है।

सीएमओ ने स्पष्ट किया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और भारत सरकार के निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों से अभियान को और प्रभावी बनाने तथा प्रत्येक पात्र किशोरी तक टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *