स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रयागराज जंक्शन पर हाई अलर्ट आरपीएफ-जीआरपी का संयुक्त फ्लैग मार्च, स्टेशन के चप्पे-चप्पे की हुई सघन जांच
रिपोर्ट : नवीन यादव | VERDICT NEWS
प्रयागराज। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी ने संयुक्त रूप से व्यापक सुरक्षा अभियान चलाया। इस विशेष अभियान की कमान आरपीएफ निरीक्षक अमित कुमार मीना ने स्वयं संभाली और सुरक्षा बलों के साथ पूरे स्टेशन परिसर का निरीक्षण करते हुए फ्लैग मार्च का नेतृत्व किया।
अभियान के दौरान आरपीएफ, जीआरपी तथा जीआरपी एस-चेक टीम ने स्टेशन के प्रतीक्षालयों, प्लेटफार्मों, फुट ओवर ब्रिज, यार्ड, रेल डिब्बों, प्रवेश एवं निकास द्वारों सहित सभी संवेदनशील स्थलों की गहन जांच की। आधुनिक सुरक्षा उपकरणों एवं हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर की सहायता से संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस वस्तुओं की सघन तलाशी ली गई।
आरपीएफ निरीक्षक अमित कुमार मीना ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तत्काल आरपीएफ अथवा जीआरपी को दी जाए, जिससे किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
पूरे अभियान के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति अथवा लावारिस वस्तु नहीं मिली और स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं संतोषजनक पाई गई। आरपीएफ ने यात्रियों से भी अपील की कि यात्रा के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेल मदद 139 या निकटतम आरपीएफ/जीआरपी कर्मी को दें।










