स्वतंत्रता दिवस से पहले महोबा स्टेशन पर आरपीएफ-जीआरपी का संयुक्त सुरक्षा अभियान वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेंद्र कुमार शर्मा के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप यादव ने संभाली सुरक्षा अभियान की कमान
रिपोर्ट : नवीन यादव | VERDICT NEWS
महोबा। आगामी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) एवं अन्य प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को महोबा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी द्वारा संयुक्त रूप से सघन सुरक्षा जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आरपीएफ महोबा के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप यादव ने स्वयं कमान संभालते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संयुक्त टीम के साथ स्टेशन परिसर व ट्रेनों की गहन जांच कराई।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेंद्र कुमार शर्मा के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान महोबा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश एवं निकास द्वारों सहित विभिन्न ट्रेनों में व्यापक तलाशी ली गई। विशेष रूप से ज्वलनशील पदार्थों की जांच की गई तथा यात्रियों को ऐसे पदार्थ लेकर यात्रा न करने की हिदायत दी गई।
संयुक्त टीम ने यात्रियों को ज़हरखुरानी जैसी घटनाओं से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। यात्रियों से अपील की गई कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु स्वीकार न करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की तत्काल सूचना आरपीएफ या जीआरपी को दें। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों को सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने का संदेश भी दिया।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप यादव ने अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का लगातार निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं जवानों को सतर्कता के साथ निगरानी रखने के निर्देश दिए। स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले लोगों और यात्रियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।
सघन जांच अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस एवं आगामी त्योहारों को देखते हुए महोबा सहित झांसी मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, निर्भय और सुगम यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।










