आजादी के जश्न से पहले वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर सुरक्षा का सख्त पहरा, आरपीएफ-जीआरपी ने खंगाला चप्पा-चप्पा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेंद्र कुमार शर्मा के निर्देशन में निरीक्षक योगेश राणा ने संभाली कमान, संयुक्त सुरक्षा अभियान में स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, पार्किंग और संवेदनशील स्थानों की हुई सघन तलाशी
रिपोर्ट : नवीन यादव | VERDICT NEWS
झांसी। आगामी स्वतंत्रता दिवस एवं त्योहारी सीजन को देखते हुए रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के उद्देश्य से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को व्यापक सुरक्षा एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेंद्र कुमार शर्मा के निर्देशन में निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल योगेश राणा के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने स्टेशन के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का पहरा मजबूत करते हुए गहन तलाशी अभियान संचालित किया।
अभियान के दौरान स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, सभी प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय, पार्किंग स्थल, प्रवेश एवं निकास द्वार सहित अन्य संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की गई। टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की, उनके सामान की जांच की तथा लावारिस एवं संदिग्ध वस्तुओं की गहन तलाशी लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पूरे अभियान के दौरान यात्रियों की आवाजाही पर भी सतर्क निगरानी रखी गई।
आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अपील की कि यदि स्टेशन परिसर या ट्रेन में कोई संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु अथवा संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या जीआरपी को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।
सघन चेकिंग अभियान के दौरान कोई भी आपत्तिजनक या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और संतोषजनक पाई गई। स्वतंत्रता दिवस एवं आगामी त्योहारों को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ऐसे विशेष सुरक्षा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, निर्भय और सुगम रेल यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।










