आरपीएफ और जीआरपी निरीक्षकों ने कंधे से कंधा मिलाकर चलाया चेकिंग अभियान निरीक्षक योगेश राणा और जीआरपी निरीक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में देर रात तक चला सघन तलाशी अभियान
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर देर रात आरपीएफ और जीआरपी ने कंधे से कंधा मिलाकर संयुक्त सघन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा एवं जीआरपी पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए गए अभियान में रेलवे स्टेशन से लेकर ट्रेनों तक सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया।
आरपीएफ पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के निरीक्षक योगेश राणा के नेतृत्व में आरपीएफ स्टाफ, आरपीएफ डिटेक्टिव विंग एवं श्वान दस्ता झांसी ने जीआरपी निरीक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव एवं जीआरपी स्टाफ तथा बम निरोधक दस्ते के साथ संयुक्त रूप से स्टेशन के विभिन्न हिस्सों की गहन जांच की।
प्लेटफॉर्म से पार्सल कार्यालय तक सघन तलाशी
चेकिंग अभियान के दौरान पार्किंग गेट, मुख्य प्रवेश द्वार, निकास द्वार, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पार्सल कार्यालय, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री शेड, आरक्षण काउंटर एवं पार्सल क्षेत्र समेत विभिन्न स्थानों को खंगाला गया। प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 5 तक विशेष निगरानी रखते हुए संदिग्ध वस्तुओं और स्थानों की जांच की गई।
वंदे भारत समेत यात्री ट्रेनों में भी जांच
स्टेशन पर आने-जाने वाली यात्री एवं एक्सप्रेस ट्रेनों में भी सुरक्षा की दृष्टि से सघन चेकिंग की गई। वंदे भारत एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों में यात्रियों और उनके सामान की जांच की गई। श्वान दस्ते एवं बम निरोधक दस्ते की सहायता से संदिग्ध वस्तुओं और संवेदनशील स्थानों की गहनता से पड़ताल की गई।
यात्रियों को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
अभियान के दौरान यात्रियों को जागरूक करते हुए अपील की गई कि रेलवे स्टेशन अथवा ट्रेन में कोई संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस सामान या संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो तत्काल आरपीएफ, जीआरपी अथवा किसी रेलवे कर्मचारी को इसकी सूचना दें।
सघन चेकिंग के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु नहीं मिली तथा किसी प्रकार की अप्रिय घटना संज्ञान में नहीं आई। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में आरपीएफ एवं जीआरपी की सतर्कता और निगरानी लगातार जारी है।
रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS










