बंदरों से रेलवे की जंग ! असली लंगूर नहीं मिले तो तस्वीरें ही टांग दीं झांसी वैगन मरम्मत कारखाना में ‘लंगूर फॉर्मूला’—सीडब्ल्यूएम कार्यालय के पेड़ों पर लटकी तस्वीरें, बंदरों के आतंक से निजात का अनोखा इंतजाम
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी वैगन मरम्मत कारखाना में बंदरों के आतंक ने रेलवे प्रशासन को ऐसा दांव चलने पर मजबूर कर दिया कि अब बंदरों को भगाने के लिए पेड़ों पर लंगूरों की तस्वीरें टांग दी गई हैं।
सीडब्ल्यूएम कार्यालय परिसर में पेड़ों पर लगाई गई लंगूरों की तस्वीरें इन दिनों कर्मचारियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। माना जा रहा है कि लंगूरों की तस्वीरें देखकर बंदर डरकर परिसर से दूरी बनाए रखेंगे।
लेकिन सवाल यह है कि क्या तस्वीरों से बंदरों का आतंक थमेगा या फिर बंदर भी इस ‘जुगाड़’ की असलियत समझ जाएंगे? रेलवे का यह प्रयोग सफल होता है या बंदर तस्वीरों को देखकर बेखौफ होकर फिर पेड़ों पर डेरा जमा लेते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।
फिलहाल झांसी वैगन मरम्मत कारखाना में ‘बंदर भगाओ अभियान’ ने नया रूप ले लिया है—लंगूर आए नहीं, उनकी तस्वीरें जरूर आ गईं।










