आरपीएफ-क्राइम विंग का बड़ा शिकंजा: बेतवा एक्सप्रेस में 63 लाख की नकदी पकड़ी स्वतंत्रता दिवस से पहले चेकिंग में मचा हड़कंप, बिना वैध दस्तावेज रकम ले जा रहा 60 वर्षीय यात्री पकड़ा गया

रिपोर्ट नवीन यादव

चित्रकूट धाम कर्वी। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान आरपीएफ और क्राइम विंग (डी एंड आई), झांसी की संयुक्त टीम ने बेतवा एक्सप्रेस में 63 लाख रुपये की नकदी बरामद कर एक 60 वर्षीय यात्री को पकड़ा। इतनी बड़ी रकम मिलने से रेलवे सुरक्षा व्यवस्था में हड़कंप मच गया।

10 अगस्त को क्राइम विंग (डी एंड आई), झांसी और रेसुब पोस्ट चित्रकूट धाम कर्वी की टीम द्वारा ट्रेन संख्या 18203 बेतवा एक्सप्रेस में संदिग्ध व्यक्ति एवं वस्तुओं की जांच की जा रही थी। इसी दौरान बहिलपुरवा और चित्रकूट धाम कर्वी स्टेशन के बीच करीब 11:20 बजे बी-3 कोच की बर्थ संख्या 19 पर यात्रा कर रहे व्यक्ति पर शक होने पर उसकी जांच की गई।

तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद एक पिट्ठू बैग और थैले से 63,00,000 रुपये नकद बरामद हुए। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान प्रीतमदास पुत्र स्व. चेतनदास, उम्र 60 वर्ष, निवासी सतना, मध्य प्रदेश के रूप में हुई।

सतना से कानपुर तक रकम पहुंचाने का दावा

पूछताछ में प्रीतमदास ने कथित तौर पर बताया कि संजय उर्फ संजू नामक व्यक्ति ने उसे यह रकम सतना से कानपुर तक पहुंचाने के लिए दी थी। हालांकि, बरामद रकम को अपने पास रखने अथवा उसे ले जाने के संबंध में वह कोई वैध अधिकार पत्र या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद आरपीएफ टीम उसे रेसुब पोस्ट चित्रकूट धाम कर्वी लेकर पहुंची। बैंक कर्मचारी और नोट गिनने वाली मशीन बुलाकर नकदी की गिनती कराई गई, जिसमें कुल 63 लाख रुपये पाए गए।

अब आयकर विभाग करेगा आगे की कार्रवाई

मामले की सूचना आयकर विभाग कानपुर नगर के उप निदेशक तथा आयकर अधिकारी बांदा को दी गई। आरपीएफ के अनुसार स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया है। आयकर विभाग के अधिकारियों के पोस्ट पर पहुंचने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के लिए नकदी और संबंधित व्यक्ति को सुपुर्द किया जाएगा।

इतनी बड़ी नकदी का स्रोत क्या है, रकम किसकी है और संजय उर्फ संजू के माध्यम से इसे सतना से कानपुर क्यों भेजा जा रहा था, इन सवालों का जवाब अब आगे की जांच में सामने आएगा।

कार्रवाई करने वाली टीम

क्राइम विंग, झांसी: सहायक उपनिरीक्षक नवीन कुमार, प्रधान आरक्षी उमेश कुमार, प्रधान आरक्षी तौसीफ खान एवं आरक्षी सुरेंद्र सिंह बिष्ट।

रेसुबल पोस्ट वीजीएलजे: उपनिरीक्षक विनोद मिश्रा एवं प्रधान आरक्षी रमेश चंद विश्वकर्मा।

रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *