पुलिस अधीक्षक रेलवे व पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में निकली यात्रा, शहीदों के बलिदान को किया नमन रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी का तिरंगे संग राष्ट्रभक्ति मार्च
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शुक्रवार को 14 अगस्त को रेलवे परिसर में जीआरपी और आरपीएफ के पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक रेलवे एवं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे ने किया। इस दौरान जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
तिरंगा यात्रा में प्रभारी निरीक्षक जीआरपी, प्रतिसार निरीक्षक जीआरपी लाइन, प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ, प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ अपराध शाखा सहित समस्त पुलिस बल ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर जवानों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
अधिकारियों ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। इसके सम्मान के साथ प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपना योगदान दे। तिरंगा यात्रा के दौरान जवानों में देश के प्रति समर्पण और राष्ट्रसेवा का उत्साह दिखाई दिया।
यात्रा के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं महापुरुषों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रसेवा को नमन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों का बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरणा देता रहेगा।










