डीआरएम अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ परिसर में 251 पौधों का वृहद वृक्षारोपण योगस्थल के समीप आम, अमरूद और सहजन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए, हरित एवं स्वच्छ वातावरण का लिया संकल्प 251 पौधों के रोपण से रेलकर्मियों और उनके परिजनों को मिलेगा शुद्ध एवं हरित वातावरण

रिपोर्ट नवीन यादव

झांसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत झांसी मंडल में पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। आरपीएफ कार्यालय स्थित योगस्थल के समीप डीआरएम अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के कुल 251 पौधे रोपे गए। इनमें आम, अमरूद, सहजन सहित अन्य उपयोगी एवं पर्यावरण अनुकूल प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण के साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया।

डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण को स्वच्छ एवं संतुलित रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और स्वस्थ भविष्य की नींव तैयार करते हैं। रेलवे परिसरों में अधिक से अधिक पौधारोपण कर हरित क्षेत्र बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पौधों के लगने से योगस्थल पर योगाभ्यास के लिए आने वाले रेलकर्मियों और उनके परिजनों को भी स्वच्छ एवं शुद्ध वातावरण मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित परिवेश के महत्व को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह पहल राष्ट्रप्रेम की भावना को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए ‘स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित भारत’ के संकल्प को मजबूत करती है।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन नंदीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जेके शर्मा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश शर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं टेलीकॉम इंजीनियर रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर परिचालन धर्मेश कुमार सहित सभी शाखा अधिकारी, अन्य अधिकारी एवं मंडल रेल प्रबंधक के निजी सहायक आशीष अग्रवाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *