डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने किया ‘विभाजन की विभीषिका’ प्रदर्शनी का उद्घाटन विभाजन की त्रासदी, विस्थापन और प्रभावित परिवारों के संघर्ष को चित्रों व ऐतिहासिक दस्तावेजों के माध्यम से किया प्रदर्शित स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित, देश की एकता और अखंडता का दिया संदेश

रिपोर्ट नवीन यादव VERDICT NEWS

झांसी। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, झांसी में वर्ष 1947 के विभाजन की त्रासदी, विस्थापन और प्रभावित लोगों के संघर्ष एवं पीड़ा को स्मरण करने के उद्देश्य से ‘विभाजन की विभीषिका’ विषय पर विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने अतिथियों एवं कर्मचारियों को विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उस समय की परिस्थितियों तथा विभाजन के कारण प्रभावित परिवारों के संघर्ष और विस्थापन की जानकारी दी।

इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। उनके परिवारों के त्याग और राष्ट्र के प्रति योगदान को नमन किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय कालका प्रसाद अग्रवाल के पुत्र राम प्रकाश अग्रवाल, स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय बाबूलाल दुबे के पुत्र ए.एन. दुबे, स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अवध बिहारी नायक के पुत्र लक्ष्मण नायक, स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय राम सेवक रिछारिया के पुत्र अवधेश रिछारिया तथा स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय भैरो प्रसाद राय के नाती गिरजा शंकर राय उपस्थित रहे।

इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने ‘विभाजन की विभीषिका’ पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में विभाजन से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं, विस्थापन की पीड़ा और प्रभावित परिवारों के संघर्ष को चित्रों, दस्तावेजों एवं ऐतिहासिक सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा पी.पी. शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक/ऑपरेशन नंदीश शुक्ला, मंडल के शाखा अधिकारी सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह आयोजन विभाजन की त्रासदी में प्रभावित लोगों की स्मृति को नमन करने के साथ ही देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित करने वाला रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *