महोबा में स्टोन पेल्टिंग और रेल लाइन पर अतिक्रमण के खिलाफ आरपीएफ-जीआरपी का जागरूकता अभियान महोबा-कबरई रेलखंड के पांच गांवों में ग्रामीणों को किया जागरूक, ग्राम प्रधानों व नागरिकों से मांगा सहयोग
रिपोर्ट नवीन यादव
महोबा। रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेल संपत्ति की रक्षा को लेकर आरपीएफ और जीआरपी ने सोमवार को महोबा-कबरई रेलखंड के आसपास स्थित गांवों में संयुक्त जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 17 अगस्त 2026 को जीआरपी प्रभारी महोबा तथा उपनिरीक्षक अमित द्विवेदी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान किडारी, डहतमाफ, टिकामऊ, दिसरापुर और बिलवई गांवों में ग्रामीणों को ट्रेन पर पत्थर फेंकने, रेल लाइन पर अनधिकृत रूप से जाने तथा अन्य रेल सुरक्षा संबंधी गतिविधियों के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों को समझाया गया कि ऐसी गतिविधियों से रेल यात्रियों की जान-माल को गंभीर खतरा हो सकता है।
आरपीएफ और जीआरपी टीम ने गांवों के ग्राम प्रधानों तथा सम्मानित नागरिकों को जागरूकता पोस्टर और पंपलेट वितरित किए। साथ ही उनसे अपील की गई कि वे गांव के लोगों को रेल लाइन से दूर रहने और ट्रेनों पर पत्थरबाजी जैसी घटनाओं को रोकने में सहयोग करें।
अभियान के माध्यम से ग्रामीणों से रेल सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को देने की अपील की गई।










