विवेक कुमार श्रीवास्तव की अगुवाई में जीआरपी का मिशन शक्ति अभियान झांसी रेलवे स्टेशन पर महिला सुरक्षा को लेकर चला जागरूकता अभियान जहरखुरानी, पत्थरबाजी और आपात सेवाओं की जानकारी देकर यात्रियों को किया जागरूक

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

झांसी। पुलिस महानिदेशक रेलवे, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे, पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे झांसी के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में थाना जीआरपी झांसी पुलिस एवं आरपीएफ पोस्ट झांसी द्वारा महिला सुरक्षा एवं नारी सशक्तीकरण के तहत मिशन शक्ति अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे स्टेशन झांसी तथा रेल पटरियों के आसपास रहने वाले लोगों और यात्रियों को थाना परिसर में बैठक आयोजित कर विभिन्न सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान यात्रियों को ट्रेन में यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। अजनबी व्यक्तियों से खाने-पीने की कोई वस्तु नहीं लेने और संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी को सूचना देने के लिए कहा गया। यात्रियों को ट्रेनों के आवागमन के दौरान होने वाली पत्थरबाजी से बचाव तथा इसके दुष्परिणामों के बारे में भी जानकारी दी गई।

जीआरपी एवं आरपीएफ कर्मियों ने आपात स्थिति में उपयोगी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। इनमें 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1090 महिला शक्ति लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 बाल हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस सेवा, 102 गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस सेवा, 101 अग्निशमन सेवा, 1930 साइबर हेल्पलाइन तथा 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शामिल हैं।

बैठक में मौजूद रेल मित्रों एवं नागरिकों को निर्देश पुस्तिका, पुस्तिकाएं, पंपलेट और पोस्टर पर्याप्त संख्या में वितरित किए गए। लोगों से इन प्रचार सामग्री को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे दृश्यमान स्थानों पर लगाने के लिए कहा गया, जहां अधिक से अधिक लोगों की नजर पड़े और वे सुरक्षा संबंधी जानकारी से जागरूक हो सकें।

जीआरपी एवं आरपीएफ की संयुक्त पहल का उद्देश्य यात्रियों, महिलाओं, बच्चों तथा रेल पटरियों के आसपास रहने वाले नागरिकों को सुरक्षा के प्रति सजग करना और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए उपलब्ध सेवाओं की जानकारी पहुंचाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *