सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी के नेतृत्व में एम-आर टीकाकरण अभियान का शुभारंभ 63 सत्रों में 609 बच्चों को लगाया गया एम-आर का टीका 5 से 10 वर्ष आयु के छूटे हुए बच्चों का किया जा रहा टीकाकरण
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी, 18 अगस्त 2026। जनपद में विशेष मीजिल्स-रूबेला (एम-आर) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ मंगलवार को कंपोजिट विद्यालय नई पाली डेली, बबीना में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने किया। अभियान के तहत विद्यालयों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंचकर पात्र बच्चों का टीकाकरण कर रही हैं। अपराह्न 3 बजे तक 63 सत्रों के माध्यम से 609 बच्चों को एम-आर का टीका लगाया जा चुका था।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि खसरा और रूबेला दो अलग-अलग अत्यधिक संक्रामक वायरल बीमारियां हैं। खसरा संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली बूंदों के माध्यम से फैलता है। इसके प्रमुख लक्षण तेज बुखार, खांसी, नाक बहना, लाल और पानी भरी आंखें तथा शरीर पर लाल चकत्ते हैं। वहीं रूबेला को जर्मन खसरा भी कहा जाता है। इसके लक्षण सामान्यतः हल्के होते हैं, जिनमें हल्का बुखार, गुलाबी या हल्के लाल चकत्ते तथा कान के पीछे और गर्दन में सूजन शामिल है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को मीजिल्स एवं रूबेला जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए टीकाकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें विद्यालयों में पहुंचकर पात्र बच्चों को टीका लगा रही हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रविशंकर ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे बच्चों को एम-आर का टीका लगाया जा रहा है, जो किसी कारणवश नियमित टीकाकरण के दौरान टीका लगवाने से छूट गए हैं। अभियान 18 अगस्त से जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं मदरसों में संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विद्यालयों के साथ समन्वय स्थापित कर माइक्रो प्लान तैयार किया है। इसी के अनुसार विभिन्न स्थानों पर टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। डॉ. रविशंकर ने अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों से सहयोग की अपील की।
कंपोजिट विद्यालय नई पाली डेली, बबीना में आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रविशंकर, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी रक्सा डॉ. संजीव कुमार, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक प्रांजल, एलएचवी मीना देवी, एएनएम रचना परिहार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।










