समपार फाटक 351 पर तीन माह का ताला! आरओबी निर्माण ने रोकी राह, 10 दिसंबर तक बंद रहेगा फाटक; गर्डर लॉन्चिंग के चलते सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। बीना–झांसी रेलखंड पर किलोमीटर संख्या 1090/20-22 स्थित समपार फाटक संख्या 351 पर अब तीन महीने तक आवाजाही बंद रहेगी। निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज के कार्य को गति देने के लिए रेल प्रशासन ने फाटक को 10 दिसंबर 2026 तक लगातार बंद रखने का निर्णय लिया है।
आरओबी निर्माण के अगले चरण में बो स्ट्रिंग गर्डर की लॉन्चिंग और आवश्यक अस्थायी संरचनाओं की स्थापना की जानी है। इस दौरान रेलवे ट्रैक और निर्माण क्षेत्र में भारी कार्य होने के कारण आमजन की सुरक्षा को देखते हुए समपार फाटक बंद रखना जरूरी बताया गया है।
वैकल्पिक मार्ग से गुजरना होगा
फाटक बंद रहने की अवधि में आसपास के यात्रियों और आमजन को वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करना होगा। रेल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बंद फाटक से आवागमन का प्रयास न करें और निर्माण स्थल पर लगाए गए सुरक्षा संकेतों एवं निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।
निर्माण कार्य में सुरक्षा को प्राथमिकता
रेल प्रशासन के अनुसार आरओबी निर्माण के इस महत्वपूर्ण चरण में गर्डर लॉन्चिंग सहित अस्थायी संरचनाओं की स्थापना की जानी है। कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए फाटक बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
रिपोर्ट: नवीन यादव










