आजमगढ़ स्टेशन पर डीआरएम आशीष जैन की सख्ती, विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं यात्री सुविधाओं और संरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की परखी रफ्तार
रिपोर्ट नवीन यादव
आजमगढ़। आजमगढ़ स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों को लेकर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने आज सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, संरक्षा इंतजामों और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की बारीकी से समीक्षा की।
डीआरएम ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिया कि पुनर्विकास कार्यों में न तो समयसीमा से समझौता हो और न ही गुणवत्ता से। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने के साथ मानकों की कड़ाई से निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधाओं और संरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष जोर रहा। डीआरएम ने स्पष्ट किया कि रेलवे में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और संरक्षा नियमों के पालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने और निर्माण के दौरान यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहे कार्यों को समय पर पूरा कर आजमगढ़ स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस करने पर भी जोर दिया गया।
डीआरएम के निरीक्षण से स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों में सक्रियता बढ़ी। संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।










