एसपी गणेश प्रसाद साहा की बेटी आद्या साहा ने 8.7 लाख विद्यार्थियों को पछाड़ रचा इतिहास 200 में 200 अंक हासिल कर 13वें इंडिया जीनियस अवॉर्ड में बनीं राष्ट्रीय टॉपर अर्पणा यादव ने गोल्ड मेडल, लैपटॉप और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित कम उम्र में बड़ी कामयाबी, मंच पर ‘वंदे मातरम्’ गाकर भी बटोरी तालियां

रिपोर्ट नवीन यादव

मैनपुरी। मैनपुरी पुलिस में तैनात एसपी गणेश प्रसाद साहा की बेटी आद्या साहा ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 13वें इंडिया जीनियस अवॉर्ड में करीब 8.7 लाख विद्यार्थियों के बीच आद्या ने 200 में से 200 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ मैनपुरी का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।

लखनऊ की वृंदावन कॉलोनी स्थित होली पब्लिक स्कूल में आद्या के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अर्पणा यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। अर्पणा यादव ने आद्या को गोल्ड मेडल, लैपटॉप और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया तथा उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में मौजूद गणमान्य लोगों और विद्यार्थियों ने आद्या की प्रतिभा की जमकर सराहना की। उपस्थित लोगों के आग्रह पर आद्या ने मंच से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। उनकी प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

अर्पणा यादव ने आद्या के आत्मविश्वास और प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर हासिल की गई ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने आद्या को अपनी प्रतिभा का उपयोग देश और समाज के हित में करने का संदेश दिया।

समारोह में आद्या की मां भी मौजूद रहीं। बेटी की राष्ट्रीय उपलब्धि पर परिवार, शुभचिंतकों और मैनपुरी वासियों में खुशी का माहौल रहा। लोगों ने आद्या को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *