ग्वालियर में सुरक्षा सम्मेलन, आईजी प्रदीप कुमार गुप्ता ने जवानों को दिया सतर्कता और संवेदनशीलता का संदेश देर-रात रायरू और मुरैना का बारीकी से निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी
रिपोर्ट नवीन यादव
ग्वालियर में आयोजित सुरक्षा सम्मेलन में उत्तर मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल के आईजी प्रदीप कुमार गुप्ता ने जवानों को संवेदनशील क्षेत्रों में ड्यूटी के दौरान विशेष सावधानी और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के साथ यात्रियों की सहायता करना ही आरपीएफ की पहचान है।
आईजी ने कहा कि प्रत्येक जवान को ऊंचे मनोबल, पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य का पालन करना चाहिए। यात्री आरपीएफ के जवानों को देखकर स्वयं को सुरक्षित महसूस करें, यही आरपीएफ की वास्तविक पहचान होनी चाहिए। यात्रियों के साथ सहयोगपूर्ण और संवेदनशील व्यवहार करने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया।
सुरक्षा सम्मेलन के दौरान आईजी ने जवानों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके निदान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जवानों का मनोबल ऊंचा रहना बेहद जरूरी है। ड्यूटी के दौरान किसी भी चुनौती का सामना पूरी सजगता और अनुशासन के साथ किया जाए।
इसके बाद आईजी प्रदीप कुमार गुप्ता ने देर-रात ग्वालियर, रायरू और मुरैना क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी पर तैनात जवानों की स्थिति तथा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों से जानकारी लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा सहायक सुरक्षा आयुक्त अशोक कुमार त्यागी ग्वालियर निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा खुफिया शाखा आरपीएफ निरीक्षक सतेन्द्र यादव सहित अन्य आरपीएफ अधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: नवीन यादव










