27 वर्षीय रेलकर्मी के पेट में फटने की कगार पर पहुंचा अपेंडिक्स, दूरबीन विधि से सफल ऑपरेशन झांसी मंडल रेल चिकित्सालय की चिकित्सकीय टीम ने दिखाई विशेषज्ञता, मरीज को मिली समय पर राहत
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा के नेतृत्व में मंडल रेल चिकित्सालय, झांसी के चिकित्सकों ने 27 वर्षीय रेलकर्मी के जटिल अपेंडिक्स का दूरबीन विधि से सफल ऑपरेशन कर उत्कृष्ट चिकित्सकीय सेवा का परिचय दिया।
बताया गया कि हेल्पर/टीएमसी पद पर कार्यरत रेलकर्मी पिछले करीब छह माह से पेट दर्द की समस्या से परेशान था। अत्यधिक पेट दर्द होने पर उसे 7 सितंबर 2026 की शाम पुरुष शल्य चिकित्सा वार्ड में भर्ती कराया गया। चिकित्सकीय जांच में पेट के अंदर अपेंडिक्स में गंभीर संक्रमण पाया गया।
आवश्यक जांच एवं परीक्षण के बाद वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिद्धार्थ कुमार केसरवानी तथा उनकी टीम में शामिल डॉ. सुरेंद्र ने आपात स्थिति में दूरबीन विधि से ऑपरेशन किया। चिकित्सकों ने संक्रमण से बुरी तरह प्रभावित और लगभग फटने की स्थिति में पहुंच चुके अपेंडिक्स को सुरक्षित रूप से निकाल दिया। समय रहते किए गए ऑपरेशन से मरीज को गंभीर जटिलता से बचाने में सफलता मिली।
ऑपरेशन को सफल बनाने में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. अजीत लहारिया, ऑपरेशन थिएटर प्रभारी मैटर्न अर्पिता, मुख्य नर्सिंग अधीक्षक मुकेश यादव, श्योराज सिंह, ड्रेसर माथुर, जयेंद्र पाल सहित ऑपरेशन थिएटर के समस्त कर्मचारियों का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा ने सफल ऑपरेशन के लिए चिकित्सकीय टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मंडल रेल चिकित्सालय, झांसी में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता के माध्यम से रेलकर्मियों, उनके आश्रितों तथा पात्र लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं।










