एक्सक्लूसिव: आरपीएफ की अगली कमान पर हलचल तेज अनुपमा नीलेकर चंद्रा का नाम चर्चा में, 31 अक्टूबर को सोनाली मिश्रा की विदाई
रिपोर्ट नवीन यादव
*नई दिल्ली।* रेलवे सुरक्षा बल में अगली कमान को लेकर अंदरखाने हलचल तेज हो गई है। वर्तमान महानिदेशक सोनाली मिश्रा 31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त होने वाली हैं। उनके उत्तराधिकारी को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के नामों पर मंथन के बीच डॉ. अनुपमा नीलेकर चंद्रा का नाम प्रमुखता से चर्चा में बताया जा रहा है।
*डॉ. अनुपमा नीलेकर चंद्रा* बिहार संवर्ग की 1994 बैच की भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी हैं और वर्तमान में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की महानिदेशक (जांच) के पद पर कार्यरत हैं। जनवरी 2026 में उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इससे पहले वह सशस्त्र सीमा बल में विशेष महानिदेशक के पद पर सेवाएं दे चुकी हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनका सेवानिवृत्ति वर्ष 2031 है।
*पहली महिला महानिदेशक के बाद फिर महिला अधिकारी पर नजर -*
सोनाली मिश्रा आरपीएफ के 143 साल के इतिहास में पहली महिला महानिदेशक बनी थीं। अब उनके कार्यकाल की समाप्ति से पहले नए महानिदेशक को लेकर चर्चा तेज होने से यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या केंद्र सरकार महिला नेतृत्व की इस कड़ी को आगे बढ़ाएगी।
विशिष्ट सेवाओं के लिए डॉ. अनुपमा नीलेकर चंद्रा को 2022 में राष्ट्रपति पुलिस पदक तथा 2010 में सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है।
हालांकि अनुपमा नीलेकर चंद्रा की आरपीएफ महानिदेशक के रूप में नियुक्ति को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इसलिए उनके नाम को फिलहाल संभावित दावेदारी के रूप में ही देखा जा रहा है।
आरपीएफ में अगले महानिदेशक की नियुक्ति इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि संगठन पर यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम की बड़ी जिम्मेदारी है। सोनाली मिश्रा के बाद आरपीएफ की कमान किसके हाथ जाएगी? इस सवाल पर अब दिल्ली से लेकर रेलवे के सुरक्षा तंत्र तक निगाहें टिक गई हैं।










