आरपीएफ-जीआरपी ने ट्रेनों में यात्रियों का सामान उड़ाने वाले दो शातिर दबोचे चार चोरी के मामलों का खुलासा, 2.49 लाख रुपये की संपत्ति बरामद
झाँसी, 20 सितम्बर। यात्री सुरक्षा अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) चौकी वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी, रेलवे सुरक्षा बल अपराध शाखा झाँसी और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) झाँसी की संयुक्त टीम ने ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान जीआरपी झाँसी में दर्ज चोरी के चार मामलों का खुलासा किया गया।
संयुक्त टीम ने दोनों आरोपियों को 20 सितम्बर की रात करीब 9:45 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1/7 के पास टीन शेड की गुमटी के समीप से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो महिलाओं की अंगूठियां, एक पीली धातु की नाक की कील, एक जोड़ी सफेद धातु की पायल और 1 लाख 34 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 49 हजार 400 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने उक्त सामान को झाँसी रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों के सामान से चोरी करना बताया। बरामदगी के आधार पर संबंधित मामलों में भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा 317(2), 3/5 की बढ़ोतरी की गई है।
जीआरपी झाँसी में दर्ज अपराध संख्या 248/2026, 274/2026, 290/2026 और 300/2026, भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा 305(सी) से संबंधित मामलों का खुलासा किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में इरशाद पुत्र मुस्ताक खान, उम्र 30 वर्ष, निवासी मोहल्ला वोपारियन, अरोड़ा वाली गली, थाना सादाबाद, जिला हाथरस तथा इरशाद पुत्र हबीब, उम्र 28 वर्ष, निवासी ईदगाह कॉलोनी, इस्लाम नगर, सादाबाद, थाना सादाबाद, जिला हाथरस शामिल हैं।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक लल्लू राम श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अखिलेश राय, आरक्षी रोहित पाठक, आरक्षी सौरभ मिश्रा, आरक्षी इमरान तथा आरपीएफ के आरक्षी उमेश कुमार और गुरुमेल शामिल रहे।
रिपोर्ट: नवीन यादव










