दिनदहाड़े 40 लाख की लूट, 24 घंटे में छह आरोपी दबोचे! ठाणे क्राइम ब्रांच का ताबड़तोड़ एक्शन—36.48 लाख का मुद्देमाल बरामद बैंक में रकम जमा कराने जा रहे कर्मचारियों पर लाठी-डंडों से हमला कर छीना था नकदी से भरा बैग दो मोटरसाइकिल भी बरामद, 22 सितंबर तक पुलिस कस्टडी रिमांड पर आरोपी
इंद्र यादव | मुंबई
उल्हासनगर। दिनदहाड़े करीब 40 लाख रुपये की लूट की वारदात के बाद ठाणे क्राइम ब्रांच ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 36 लाख 48 हजार रुपये का मुद्देमाल और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
घटना 15 सितंबर को दोपहर करीब सवा एक बजे की बताई गई है। क्रांति फूड एजेंसी के दो कर्मचारी करीब 40 लाख रुपये की नकदी बैंक ऑफ बड़ौदा, कल्याण पश्चिम शाखा में जमा कराने जा रहे थे। दोनों सहानंद चौक से लालचौकी की ओर साइकिल-स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर आए बदमाशों ने कर्मचारियों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
दिनदहाड़े हुई लूट की सूचना मिलते ही बाजारपेठ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद ठाणे क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और घटना के 24 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर अख्तर शेख (28), निवासी कल्याण पूर्व; आफताब असलम खान (25), महागिरी कोलीवाड़ा, ठाणे; शाहनवाज गफ्फार हसन अंसारी (36), अंबरनाथ; सोहेल युनुस शेख (24), भिवंडी; मुजाहिद अनवर खान (24), रबोडी, ठाणे पश्चिम और शाहीद इसाक शेख (19) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से करीब 36 लाख 48 हजार रुपये का मुद्देमाल बरामद किया गया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने अपने कब्जे में ली हैं। बरामदगी और गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब लूट की पूरी रकम, वारदात की योजना और आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
सभी आरोपियों को 22 सितंबर तक पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
तेज कार्रवाई में ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुबेरे, पंजाबराव उगले, अमरसिंह जाधव और शेखर बागडे सहित क्राइम ब्रांच के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका रही। महिला पुलिस अमलदार मंगल गावित समेत पूरी टीम ने कार्रवाई में सहयोग किया।










