पितृपक्ष मेले में गया स्टेशन पर आरपीएफ का सुरक्षा घेरा सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय सिंह और प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव की निगरानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम 100 अतिरिक्त जवान, स्पेशल फोर्स की कंपनी, 64 एआई सीसीटीवी और दो एआई ड्रोन से चप्पे-चप्पे पर नजर
गया। पितरों के तर्पण और पिंडदान के लिए देशभर से गया पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गया रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत कर दिया है। 25 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले पितृ पक्ष मेले के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, अपराध रोकथाम और सुगम आवागमन के लिए स्टेशन पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
आरपीएफ गया की ओर से पूर्व मध्य रेल के विभिन्न स्थानों से 100 अतिरिक्त बल सदस्यों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही एक कंपनी स्पेशल फोर्स भी तैनात की गई है। भीड़ के दबाव वाले स्थानों पर सुरक्षा बलों की विशेष निगरानी रहेगी।
सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से भी जोड़ा गया है। गया स्टेशन पर पहले से उपलब्ध 70 सीसीटीवी कैमरों के अतिरिक्त 64 अत्याधुनिक एआई आधारित कैमरे लगाए गए हैं। इनके माध्यम से प्लेटफॉर्म, प्रवेश-निकास और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। भीड़ की स्थिति का त्वरित आकलन करने के लिए दो एआई तकनीक से लैस ड्रोन भी लगाए गए हैं।
ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और जवानों के बीच त्वरित समन्वय के लिए 30 लाउडहेलर तथा 50 हाई-फ्रीक्वेंसी वॉकी-टॉकी सेट उपलब्ध कराए गए हैं। सुरक्षा जांच को प्रभावी बनाने के लिए 10 एचएचएमडी भी उपलब्ध कराए गए हैं।
आरपीएफ अधिकारियों को कार्यालयों तक सीमित रखने के बजाय प्लेटफॉर्म और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रत्यक्ष रूप से तैनात किया गया है। अधिकारी लगातार प्लेटफॉर्म पर भ्रमण कर भीड़ की स्थिति, यात्रियों की समस्याओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते रहेंगे।
महिला यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए 10 महिला बल सदस्यों की ‘मेरी सहेली’ टीम तैनात की गई है। अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्राइम ब्रांच की दो यूनिट तथा अतिरिक्त आसूचना कर्मियों की भी तैनाती की गई है।
गया रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष यातायात व्यवस्था की गई है। आरपीएफ की ओर से स्टेशन परिसर में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। यात्रियों की सहायता के लिए प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ‘मे आई हेल्प यू’ केंद्र बनाया गया है।
सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव की निगरानी में आरपीएफ स्टाफ सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने में जुटा है। एसआईबी के चंदन सिंह सहित अन्य आरपीएफ अधिकारी एवं स्टाफ भी सुरक्षा व्यवस्था में सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS










