एसएसपी विकास कुमार ने किया पुलिस लाइन का निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर शस्त्रागार, पुलिस कैंटीन, बैरक और यूपी-112 की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

रिपोर्ट नवीन यादव 

झांसी, 16 अक्टूबर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने शुक्रवार को पुलिस लाइन झांसी में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण कर सलामी ग्रहण की। परेड के बाद उन्होंने क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार समेत पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी विकास कुमार ने क्वार्टर गार्ड और शस्त्रागार में रखे शस्त्रों, कारतूसों तथा संबंधित अभिलेखों की जांच की। उन्होंने शस्त्रों के समुचित रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था और अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने पर जोर दिया। साथ ही सरकारी संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

कैंटीन, स्कूल और आवासीय सुविधाओं का लिया जायजा

एसएसपी ने पुलिस कैंटीन, रेडियो शाखा, पुलिस मॉडर्न स्कूल, आरक्षी बैरक और आरक्षी आवास कॉलोनी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, रख-रखाव और पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने कैंटीन में गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने तथा स्कूल, बैरकों और आवासीय परिसर में बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त परिवहन शाखा, यूपी-112 सहित अन्य शाखाओं के अभिलेखों, उपकरणों और कार्यालय व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग सुनिश्चित करने, विभागीय अनुशासन बनाए रखने और सभी कार्य समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए निर्देशित किया।

जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा आमजन की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेहतर पुलिस रिस्पॉन्स, जनसुरक्षा और जनसेवा को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए पुलिसकर्मियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, तत्परता और जवाबदेही के साथ करने की अपेक्षा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *