जितेन्द्र कुमार ने संभाला आरपीएफ महानिदेशक का पदभार, विभाग में खुशी की लहर एडीजी, आईजी, डीआईजी सहित वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद, पदभार ग्रहण करते ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए स्पष्ट निर्देश

  

नई दिल्ली। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के नए महानिदेशक के रूप में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी जितेन्द्र कुमार ने 1 नवंबर 2026 को पदभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालने के अवसर पर आरपीएफ के एडीजी, आईजी, डीआईजी सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। नए महानिदेशक के स्वागत के दौरान अधिकारियों और जवानों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।

जितेन्द्र कुमार 1993 बैच के बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने पूर्व महानिदेशक सोनाली मिश्रा के 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने के बाद यह जिम्मेदारी संभाली है। गृह मंत्रालय की आईपीएस सिविल सूची के अनुसार उन्होंने बीटेक (B.Tech) की डिग्री प्राप्त की है। वह इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से आते हैं और संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से भारतीय पुलिस सेवा में आए। आधिकारिक सेवा रिकॉर्ड में उनका गृह राज्य उत्तर प्रदेश दर्ज है।

पदभार संभालते ही अधिकारियों और जवानों के साथ की समन्वय बैठक

कार्यभार ग्रहण करने के दौरान जितेन्द्र कुमार ने रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों और जवानों के साथ समन्वय बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की हिफाजत और अपराध नियंत्रण बल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे।

महिला और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर

नए महानिदेशक ने निर्देश दिए कि देशभर के रेलवे स्टेशनों और चलती ट्रेनों में यात्रियों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि रेल यात्रा के दौरान प्रत्येक यात्री स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सके।

आधुनिक तकनीक से मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था

उन्होंने सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए आरपीएफ को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया। इसके लिए निगरानी व्यवस्था, आधुनिक उपकरणों और डिजिटल बुनियादी ढांचे के प्रभावी इस्तेमाल पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

साइबर और संगठित अपराधों पर रहेगी कड़ी नजर

जितेन्द्र कुमार ने रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा के साथ रेल परिसरों में होने वाले साइबर अपराधों और संगठित आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने अधिकारियों को पूरी निष्ठा, अनुशासन और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

नए महानिदेशक के नेतृत्व में आरपीएफ की कार्यप्रणाली, यात्री सुरक्षा और तकनीकी क्षमता को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उनके पदभार ग्रहण करने से पूरे आरपीएफ विभाग में उत्साह का माहौल है।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *