नासिक में डकैती कर ट्रेन से भाग रहे थे, आरपीएफ की नजरों से नहीं बच पाए! आईजी प्रदीप कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के आदेश पर कार्रवाई, झांसी व आगरा मंडल की आरपीएफ ने मिलकर दबोचे दो संदिग्ध धौलपुर के पास दादर-अमृतसर एक्सप्रेस में पकड़ा गया नासिक डकैती का वांछित आरोपी, आगरा में भी एक संदिग्ध हिरासत में
झांसी। अपराध करने के बाद ट्रेन पकड़कर दूसरे प्रदेश में निकल जाने की कोशिश अपराधियों को भारी पड़ गई। महाराष्ट्र के नासिक में डकैती की वारदात को अंजाम देकर ट्रेन से सफर कर रहे एक वांछित आरोपी को झांसी मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) टीम ने धौलपुर के पास दबोच लिया। वहीं, आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर आगरा मंडल की आरपीएफ ने भी एक अन्य संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। उत्तर मध्य रेलवे के आरपीएफ आईजी प्रदीप कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के आदेश पर दोनों मंडलों की आरपीएफ के बीच बेहतर समन्वय से यह कार्रवाई की गई।
मामला महाराष्ट्र के नासिक जिले के डिंडोरी थाना क्षेत्र में दर्ज डकैती के मुकदमे से जुड़ा है। नासिक ग्रामीण पुलिस अधीक्षक की ओर से सूचना दी गई थी कि वारदात में शामिल चार संदिग्धों की पहचान तस्वीरों के आधार पर की गई है। इनके ट्रेन संख्या 11057 दादर-अमृतसर एक्सप्रेस से आगरा की ओर जाने की जानकारी मिली थी। एक संदिग्ध की अंतिम मोबाइल लोकेशन 3 नवंबर को बीना स्टेशन पर मिली थी।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के आदेश पर मंडल सुरक्षा नियंत्रण के निर्देशानुसार झांसी मंडल के आरपीएफ पोस्ट मुरैना की टीम सक्रिय हो गई। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में जवान सादे कपड़ों में ट्रेन में सवार हुए। धौलपुर के निकट जनरल कोच में तस्वीरों से मिलान कर संदिग्ध की पहचान कर ली गई। पूछताछ में नासिक डकैती की वारदात में साथियों के साथ शामिल होने की बात सामने आई।
आरोपी ने अपना नाम गुड्डू उर्फ जयकिशन निवासी टूंडला, फिरोजाबाद बताया। उसने खुलासा किया कि उसके अन्य साथी भी उसी ट्रेन के अलग-अलग कोचों में सफर कर रहे हैं। इसके बाद झांसी मंडल की आरपीएफ ने आगरा मंडल की टीम को सूचना दी। आगरा आरपीएफ ने तत्परता दिखाते हुए होरीलाल नामक एक अन्य संदिग्ध को भी पकड़ लिया।
आरपीएफ पोस्ट लाने के बाद पकड़े गए आरोपी को नियमानुसार नासिक पुलिस की टीम के सुपुर्द कर दिया गया।
ट्रेन को बनाया था भागने का रास्ता, लेकिन झांसी और आगरा मंडल की आरपीएफ ने मिलकर लगा दिया ब्रेक!
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










