माँ पहुंज की छाती पर अतिक्रमण, नदी में बह रहा कॉलोनियों का गंदा पानी! आखिर कब जागेगा झांसी का प्रशासन? पहुंज नदी पुत्र डेनियल साइमन ने तस्वीरें भेजकर उठाई आवाज, नदी को बचाने के लिए जनआंदोलन का आह्वान मऊरानीपुर की सुखनई नदी की तर्ज पर माँ पहुंज को संवारने और मुंबई की चौपाटी-मरीन ड्राइव जैसा विकसित करने की मांग

   

 

झांसी। शहर की जीवनदायिनी माँ पहुंज नदी का अस्तित्व खतरे में है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आखिर कब जागेंगे? नदी के संरक्षण और सौंदर्यीकरण को लेकर पहुंज नदी पुत्र डेनियल साइमन ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने माँ पहुंज नदी की वर्तमान स्थिति को दर्शाती तस्वीरें भेजकर अतिक्रमण, गंदे पानी की निकासी और नदी के अस्तित्व से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है।

डेनियल साइमन का कहना है कि जिस तरह मऊरानीपुर की सुखनई नदी वहां के लोगों की जीवनदायिनी है, उसी तरह माँ पहुंज भी झांसी की जीवनदायिनी नदी है। लेकिन आज इसकी दुर्दशा चिंता का विषय बनी हुई है। नदी के भीतर बड़ी-बड़ी कॉलोनियों का गंदा पानी मोटे-मोटे पाइपों के माध्यम से डाले जाने का आरोप है। वहीं नदी के किनारों पर मिट्टी डालकर अतिक्रमण की तैयारी किए जाने और किनारों पर अवैध कॉलोनियां विकसित होने का मुद्दा भी उन्होंने उठाया है।

उन्होंने नदी की स्थिति दर्शाती तस्वीरें भेजकर लोगों से अपील की है कि तस्वीरों को जूम करके देखें और समझें कि माँ पहुंज के साथ क्या हो रहा है।

चौपाटी और मरीन ड्राइव की तर्ज पर विकसित हो माँ पहुंज

पहुंज नदी पुत्र डेनियल साइमन का सपना है कि माँ पहुंज को उसके पुराने वैभवशाली स्वरूप में वापस लाया जाए। नदी को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और उसके किनारों का सौंदर्यीकरण कर मुंबई की चौपाटी और मरीन ड्राइव की तर्ज पर विकसित किया जाए। इससे न केवल नदी का संरक्षण होगा, बल्कि झांसी को भी एक सुंदर पर्यटन स्थल मिल सकता है।

प्रशासन की खामोशी पर सवाल, न्याय व्यवस्था से उम्मीद

डेनियल साइमन ने स्थानीय शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा लगता है मानो जिम्मेदार विभाग सो रहे हैं, जबकि आम झांसीवासी बड़ी उम्मीद के साथ देश की सर्वोच्च न्याय व्यवस्था की ओर देख रहे हैं।

उन्होंने माँ पहुंज का सीमांकन कराने, नदी में गिरने वाले गंदे पानी के पाइपों की जांच कराने, अवैध अतिक्रमण हटाने और नदी के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने की मांग की है।

अब सवाल यह है कि झांसी की जीवनदायिनी माँ पहुंज को बचाने के लिए जिम्मेदार विभाग कब जागेंगे? क्या नदी का अस्तित्व संकट में पड़ने के बाद ही प्रशासन कोई ठोस कदम उठाएगा?

पहुंज नदी पुत्र डेनियल साइमन समाजसेवी संपर्क: 7897753077, 9453859877

जनआंदोलन का नारा: माँ पहुंज बचाओ, अतिक्रमण हटाओ, माँ पहुंज को सुंदर बनाओ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *