उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल की सोशल मीडिया वालों को दो टूक—रील बनाओ, मगर रेलवे के नियमों को मत भूल जाओ! व्यूज और लाइक्स के चक्कर में रेलवे ट्रैक पर पहुंचे तो महंगा पड़ सकता है शौक! बिना अनुमति कैमरा चलाने और भ्रामक वीडियो फैलाने वालों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी बड़े-बड़े सब्सक्राइबर वाले चैनल भी मंडल प्रशासन के निशाने पर, रेलवे की छवि और सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

 

 

**झांसी।** सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में कहीं रेलवे के नियम ही न टूट जाएं! कुछ ऐसा ही संदेश उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल ने सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स और व्लॉग बनाने वालों को दिया है। मंडल प्रशासन ने बाकायदा परामर्श जारी कर साफ कर दिया है कि रेलवे परिसर को अपनी मनमर्जी का शूटिंग स्टूडियो समझने वालों को अब नियमों का हिसाब भी रखना होगा।

प्रशासन के मुताबिक, कुछ अधिक सब्सक्राइबर वाले यूट्यूब चैनलों और डिजिटल प्लेटफार्मों पर रेल परिचालन से जुड़ी अधूरी, भ्रामक और तथ्यात्मक रूप से गलत सामग्री प्रसारित की जा रही है। इससे रेलवे की छवि प्रभावित होने के साथ यात्रियों में भ्रम और भय पैदा होने की आशंका है।

झांसी मंडल ने स्पष्ट किया है कि सक्षम रेल प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना रेलवे स्टेशन, परिसर, ट्रैक और ट्रेन के डिब्बों में वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी अथवा ब्लॉगिंग करना नियमों के विरुद्ध हो सकता है। पटरियों पर पहुंचकर रील बनाना, प्रतिबंधित क्षेत्रों में घुसना और जानलेवा स्टंट करना पूरी तरह प्रतिबंधित है।

परामर्श में चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध रेल अधिनियम, 1989 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 356(1), 356(2) सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

मंडल प्रशासन ने कंटेंट क्रिएटर्स और आम नागरिकों से अपील की है कि रेलवे परिसर, डिपो, यार्ड और कार्यशालाओं में शूटिंग से पहले नियमानुसार अनुमति लें। रेल परिचालन की अधूरी जानकारी को सनसनीखेज बनाकर प्रसारित करने से भी बचें।

**अब देखने वाली बात यह होगी कि व्यूज की दौड़ में कैमरा घुमाने वाले नियमों का भी ध्यान रखते हैं या फिर वायरल होने का शौक कानूनी कार्रवाई तक पहुंचता है।** मंडल प्रशासन ने रचनात्मक सुझावों और पारदर्शिता का स्वागत किया है, लेकिन सुरक्षा तथा सार्वजनिक संपत्ति से खिलवाड़ करने वालों के प्रति सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं।

**रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS**

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *