महाप्रबंधक ने घाटमपुर, बांदा और अतर्रा स्टेशनों का किया निरीक्षण यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों की समीक्षा, निर्माण में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने 4 नवंबर 2026 को परख निरीक्षण यान से भीमसेन-मानिकपुर रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने झांसी मंडल के अंतर्गत घाटमपुर, बांदा और अतर्रा रेलवे स्टेशनों पर पहुंचकर विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार भी उपस्थित रहे।

घाटमपुर स्टेशन पर महाप्रबंधक ने निर्माणाधीन नई स्टेशन बिल्डिंग का लेआउट प्लान देखा तथा निर्माण कार्यों की प्रगति और वास्तविक स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पुराने स्टेशन मास्टर कक्ष सहित स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।

बांदा स्टेशन पर खड़ी सवारी गाड़ी के शौचालयों की स्वच्छता, यात्री प्रतीक्षालय, बुकिंग हॉल, पहुंच मार्ग और आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का लेआउट प्लान देखने के साथ क्रू लॉबी और रनिंग रूम का निरीक्षण किया। रनिंग रूम में आवश्यक बदलाव कर उसे बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

इसके बाद अतर्रा रेलवे स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन मास्टर पैनल और नवनिर्मित स्टेशन बिल्डिंग का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं एवं परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के अंतिम चरण में मानिकपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अतर्रा से मानिकपुर के मध्य महाप्रबंधक ने निरीक्षण यान से रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान दोहरीकरण कार्यों, स्टेशनों की साफ-सफाई, ट्रैक ज्योमेट्री, कर्व, पुल और समपार फाटकों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप पूरे करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने स्पष्ट किया कि स्टेशन विकास और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवाएं मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के सचिव अखिल शुक्ल, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर सामान्य अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अतुल यादव, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर/टीआरडी आर.के. बघेला, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/पूर्व आयुष श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *