आरपीएफ के वरिष्ठ सहायक सुरक्षा आयुक्त राकेश शर्मा का दैनिक अमर स्तम्भ ने किया सम्मान, दक्षिण सूडान, नैरोबी, ढाका और नई दिल्ली तक निभाईं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारियां संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षा मिशन से लेकर जम्मू-कश्मीर के आतंक प्रभावित बड़गाम और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों तक रहा सेवाकाल, वर्ष 2017 में मिला राष्ट्रपति पुलिस पुरस्कार
ग्वालियर। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के अंतर्गत ग्वालियर में तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के वरिष्ठ सहायक सुरक्षा आयुक्त राकेश शर्मा को दैनिक अमर स्तम्भ समाचार पत्र की ओर से प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके लंबे सेवाकाल, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय अनुभव और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में निभाई गई जिम्मेदारियों की सराहना की गई।
हिमाचल प्रदेश के निवासी राकेश शर्मा का सेवाकाल कई महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों से जुड़ा रहा है। उन्होंने दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षा मिशन (UNMISS) तथा संयुक्त राष्ट्र पुलिस (UNPOL) के अंतर्गत कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा अफ्रीका के नैरोबी और बांग्लादेश की राजधानी ढाका में भी आधिकारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
उनके सेवाकाल में गुवाहाटी (असम) और नई दिल्ली में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां शामिल रही हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर के आतंकवाद प्रभावित बड़गाम तथा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी उन्होंने सुरक्षा संबंधी दायित्व निभाए। अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल से जुड़ी जिम्मेदारियों का अनुभव भी उनके सेवाकाल का अहम हिस्सा रहा है।
उनकी सेवाओं और कार्यकुशलता के लिए वर्ष 2017 में उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। संयुक्त राष्ट्र के शांतिरक्षा मिशन से लेकर देश के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारियों तक का उनका अनुभव उनके व्यापक सेवाकाल को दर्शाता है।
दैनिक अमर स्तम्भ समाचार पत्र की ओर से प्रतीक चिह्न भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी समर्पित सेवाओं, अनुभव और उपलब्धियों के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
रिपोर्ट: नवीन यादव | दैनिक अमर स्तम्भ










