आरपीएफ आईजी प्रदीप कुमार गुप्ता की निगरानी में छठ पर्व पर विशेष सुरक्षा अभियान, आगरा और झांसी मंडल में रेलवे सुरक्षा बल अलर्ट बिहार-बंगाल जाने वाली ट्रेनों में उमड़ी भीड़ को संभालने के लिए सुरक्षा बल मुस्तैद, बुजुर्गों और महिला यात्रियों को विशेष सहायता

 

 

 

 

आगरा/झांसी। छठ पर्व के मद्देनजर बिहार एवं बंगाल की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रयागराज जोन के आरपीएफ आईजी प्रदीप कुमार गुप्ता की निगरानी में आगरा एवं झांसी मंडल में यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत दोनों मंडलों के रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ अधिकारियों एवं जवानों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रेनों में चढ़ने और उतरने के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, प्लेटफॉर्म पर भीड़ नियंत्रण तथा बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष सहायता देने पर जोर दिया जा रहा है।

इसी क्रम में 11 नवंबर को आगरा मंडल के आगरा किला रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ निरीक्षक के नेतृत्व में उपलब्ध स्टाफ ने विशेष सतर्कता के साथ मोर्चा संभाला। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए गाड़ी संख्या 12988, 19037, 12987, 14864, 14320 एवं 59813 को अटेंड कर सुरक्षित रवाना कराया गया।

इस दौरान आरपीएफ जवानों ने बुजुर्ग एवं महिला यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेनों में चढ़ाने और उतारने में सहयोग किया। शाम 5 बजे से रात 9:30 बजे तक आगरा किला स्टेशन पर सामान्य से काफी अधिक भीड़ बनी रही। इस दौरान पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रखकर यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित किया गया, जिससे यात्रियों को सुरक्षित तरीके से यात्रा करने में मदद मिली।

वहीं झांसी मंडल में भी छठ पर्व के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर आरपीएफ की टीमें सतर्क हैं। प्रमुख रेलवे स्टेशनों और भीड़ प्रभावित ट्रेनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आरपीएफ जवान यात्रियों को सुरक्षित यात्रा में सहयोग देने के साथ ही प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था रोकने के लिए मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रहे हैं।

छठ पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए प्रयागराज जोन के आरपीएफ आईजी प्रदीप कुमार गुप्ता की निगरानी में आगरा और झांसी मंडल में चलाया जा रहा यह विशेष अभियान रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता और यात्री सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *