छठ पूजा पर प्रयागराज जंक्शन में आरपीएफ का व्यापक भीड़ प्रबंधन अभियान निरीक्षक अमित कुमार मीणा ने संभाली कमान, यात्रियों को कतारबद्ध कर सुरक्षित तरीके से ट्रेनों में कराया सवार प्रयागराज एक्सप्रेस सहित भीड़भाड़ वाली ट्रेनों में विशेष सतर्कता, धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी रोकने के लिए आरपीएफ रही मुस्तैद
प्रयागराज। दीपावली पर्व के बाद छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रयागराज जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल ने व्यापक भीड़ प्रबंधन अभियान चलाया। अभियान के तहत आरपीएफ ने यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन पर व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती।
आरपीएफ पोस्ट प्रयागराज के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मीणा ने हमराह बल सदस्यों के साथ स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्मों का निरीक्षण कर भीड़ की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अधिक भीड़ वाली ट्रेनों में विशेष निगरानी रखते हुए यात्रियों को सुरक्षित तरीके से सवार कराने की व्यवस्था की गई।
प्लेटफॉर्म संख्या एक पर गाड़ी संख्या 12417 प्रयागराज एक्सप्रेस एवं 20403 में यात्रियों की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए आरपीएफ जवानों ने मोर्चा संभाला। सामान्य श्रेणी के डिब्बों के सामने यात्रियों को कतारबद्ध कराते हुए बारी-बारी से प्रवेश कराया गया, जिससे धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी की स्थिति न बने।
स्टेशन के अन्य प्लेटफॉर्मों पर भी भीड़भाड़ वाली ट्रेनों में आरपीएफ जवानों ने पहुंचकर यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से सवार होने में सहयोग किया। साथ ही यात्रियों को कतार में लगने, धैर्य बनाए रखने और चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने से बचने के प्रति जागरूक किया गया।
त्योहारों पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
आरपीएफ की सतर्कता और सक्रियता से यात्रियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से ट्रेनों में सवार कराने का प्रयास किया गया। छठ पूजा तक स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल का उद्देश्य अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित कर दुर्घटनाओं और अप्रिय घटनाओं की आशंका को रोकना तथा यात्रियों की सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करना है।
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










