योगेश राणा के नेतृत्व में झांसी स्टेशन पर आरपीएफ का जागरूकता अभियान, यात्रियों को सुरक्षा के प्रति किया सचेत आरपीएफ मित्र योजना समिति के सदस्यों ने भी लिया हिस्सा, चैन पुलिंग और जहरखुरानी से बचाव की दी जानकारी

 

 

**झांसी।** वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और आरपीएफ मित्र योजना समिति के संयुक्त तत्वावधान में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक **योगेश राणा** ने किया। इसका उद्देश्य रेल यात्रियों को यात्रा के दौरान होने वाली संभावित घटनाओं से बचाव और रेलवे नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।

अभियान के दौरान निरीक्षक योगेश राणा और समिति के सदस्यों ने स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर मौजूद यात्रियों तथा ट्रेनों में सफर कर रहे लोगों से सीधा संवाद किया। यात्रियों को अनावश्यक रूप से अलार्म चेन खींचने के दुष्परिणाम बताते हुए समझाया गया कि बिना उचित कारण चेन पुलिंग करना दंडनीय अपराध है। इससे ट्रेन संचालन प्रभावित होने के साथ अन्य यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।

**चोरी और जहरखुरानी से बचाव की दी जानकारी**

यात्रियों को अपने सामान की स्वयं सुरक्षा करने, अनजान व्यक्तियों से खाने-पीने की वस्तुएं स्वीकार नहीं करने तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की जानकारी तत्काल आरपीएफ को देने की अपील की गई।

**रेलवे नियमों के पालन की अपील**

अभियान में यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर पीली लाइन के पीछे खड़े रहने, चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने से बचने और रेलवे ट्रैक पार नहीं करने की हिदायत दी गई।

निरीक्षक योगेश राणा ने कहा कि रेल यात्रियों की सुरक्षा आरपीएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दिशा में आम नागरिकों और आरपीएफ मित्र योजना समिति का सहयोग महत्वपूर्ण है। किसी भी आपात स्थिति में यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर **139** पर संपर्क कर सकते हैं।

इस अवसर पर आरपीएफ पोस्ट के अधिकारी, जवान तथा आरपीएफ मित्र योजना समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

**रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS**

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *