नरेंद्र श्रीवास्तव और साइमन डेनियल की पहल लाई रंग, पहूज नदी का ड्रोन से होगा सर्वे आईआईटी रुड़की जनवरी 2027 से तीन चरणों में करेगी सर्वेक्षण, नदी की चौड़ाई, अतिक्रमण, ग्रीन बेल्ट और बाढ़ क्षेत्र की होगी पैमाइश

 

 

झांसी। पहूज नदी को प्रदूषण और अतिक्रमण से मुक्त कराने की मुहिम अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती नजर आ रही है। अधिवक्ता नरेंद्र श्रीवास्तव और समाजसेवी साइमन डेनियल की पहल के बाद राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के सख्त रुख से नदी के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। अब आईआईटी रुड़की की विशेषज्ञ टीम ड्रोन तकनीक के माध्यम से पहूज नदी का सर्वेक्षण करेगी। जनवरी 2027 से शुरू होने वाला यह सर्वे तीन चरणों में पूरा किया जाएगा।

सर्वेक्षण के दौरान नदी की वास्तविक चौड़ाई, प्राकृतिक बहाव क्षेत्र, ग्रीन बेल्ट, बाढ़ क्षेत्र की सीमा और तटवर्ती इलाकों में हुए अतिक्रमण का वैज्ञानिक आकलन किया जाएगा। इसके साथ ही नदी में गिरने वाले नालों और उनसे पहुंचने वाली गंदगी के स्रोतों को भी चिह्नित किया जाएगा। इस कार्य में आईआईटी रुड़की के साथ पांच विभाग भी शामिल होंगे।

पत्रकार वार्ता में अधिवक्ता नरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पहूज नदी की बदहाली, प्रदूषण और अतिक्रमण को लेकर उन्होंने एनजीटी में याचिका दाखिल की थी। न्यायालय ने मामले में 14 विभागों और संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। इसके बावजूद केवल उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और सिंचाई विभाग सहित दो विभागों ने ही जवाब दाखिल किया। अन्य विभागों की ओर से जवाब नहीं आने पर न्यायालय ने नाराजगी जताई।

उन्होंने बताया कि दाखिल जवाबों में नदी की वास्तविक चौड़ाई, ग्रीन बेल्ट और बाढ़ क्षेत्र की अधिकतम सीमा का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया। एक विभाग ने अपने जवाब में बाढ़ क्षेत्र में निर्माण कार्य होने की बात स्वीकार की है। ऐसे में नदी की वास्तविक स्थिति सामने लाने के लिए वैज्ञानिक सर्वेक्षण आवश्यक हो गया है।

समाजसेवी साइमन डेनियल ने बताया कि पहूज नदी का उद्गम मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ के समीप होता है। लगभग 195 किलोमीटर लंबी यह नदी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से होकर बहती हुई आगे पचनद में मिलती है। झांसी महानगर की पेयजल आपूर्ति में पहूज नदी की लगभग 25 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसके बावजूद महानगर के गंदे नाले सीधे नदी में गिर रहे हैं, जिससे उसका पानी लगातार प्रदूषित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि नदी का संरक्षण केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि महानगरवासियों के स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्था से भी जुड़ा है। ड्रोन सर्वेक्षण से नदी के प्राकृतिक स्वरूप, अतिक्रमण और प्रदूषण की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। उम्मीद है कि आईआईटी रुड़की की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विभागों को नदी के संरक्षण और प्रदूषण रोकने के लिए ठोस कार्रवाई करनी पड़ेगी।

रिपोर्ट नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *