दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकली सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा, टेकरी सरकार मंदिर में टेका माथा पूर्व मुख्यमंत्री ने राम मंदिर के चंदे में चोरी का आरोप लगाकर जताई नाराजगी, प्रदीप जैन आदित्य ने सरकार पर साधा निशाना

ललितपुर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा शुक्रवार को ललितपुर जिले के जखौरा स्थित टेकरी सरकार मंदिर पहुंची। यहां मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव चन्द्र भूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा) के संयोजन में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य सहित यात्रा में शामिल सनातन यात्रियों ने मंदिर में माथा टेककर दर्शन किए और यात्रा में सहभागिता की।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर के नाम पर एकत्रित किए गए चंदे में चोरी का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के नाम पर वोट मांगने वाले लोग यदि मंदिर के चंदे में ही चोरी कर रहे हैं तो उन्हें सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने इस मामले को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए जवाबदेही की मांग की।

वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि वोट चोरी करके सत्ता हासिल करने वाली सरकार जनता के बीच अपना विश्वास खो चुकी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास सबसे महत्वपूर्ण होता है और सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।

यात्रा में बुंदेलखंड क्षेत्र कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता राजेन्द्र शर्मा एडवोकेट, सामाजिक कार्यकर्ता अमित त्रिपाठी, अनुसूचित जाति के जिलाध्यक्ष जीतू राजा श्रीवास, देवेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में सनातन यात्री एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्ट: नवीन यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *