एसएसपी का थानों पर अचानक धावा! प्रेमनगर-रक्सा में औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, अभिलेखों से लेकर हवालात तक खंगाली व्यवस्था लापरवाही बर्दाश्त नहीं—अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं और वांछितों की गिरफ्तारी पर एसएसपी ने कसा शिकंजा
रिपोर्ट नवीन यादव
झाँसी। पुलिसिंग की जमीनी हकीकत परखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार सोमवार को अचानक थाना प्रेमनगर और थाना रक्सा पहुंच गए। एसएसपी के औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में हलचल मच गई। उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं को केवल कागजों में नहीं, बल्कि मौके पर पहुंचकर परखा।
एसएसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई से लेकर कार्यालय, हवालात, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क और सीसीटीएनएस कार्यालय तक का निरीक्षण किया। अभिलेखों और विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपराधियों पर शिकंजा, लंबित मामलों पर तेजी का फरमान
निरीक्षण के दौरान अपराध नियंत्रण को लेकर एसएसपी का रुख सख्त नजर आया। लंबित विवेचनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से निपटाने, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तेज करने तथा अपराध की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतने और फरियादियों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
महिला फरियादियों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई
महिला हेल्प डेस्क की स्थिति जांचते हुए एसएसपी ने महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेने के निर्देश दिए। थाने पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक और शालीन व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा गया।
बीट पुलिसिंग मजबूत करो, गश्त बढ़ाओ
एसएसपी ने क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने पर भी जोर दिया। बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाने, नियमित भ्रमण एवं गश्त बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
त्योहारों से पहले पुलिस को अलर्ट रहने का आदेश
आगामी त्योहारों एवं आयोजनों को देखते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने प्रभावी पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी स्थिति में शांति व्यवस्था प्रभावित न हो।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर सिमरन सिंह आईपीएस सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।










