राजपत्रित अधिकारियों के साथ हाईलेवल बैठक में दो टूक—वांछित-वारंटियों को दबोचो, लंबित विवेचनाएं निपटाओ, गश्त बढ़ाओ अपराधियों की अब खैर नहीं! एसएसपी ने कसा पुलिस पर शिकंजा साफ संदेश—अपराध नियंत्रण में ढिलाई नहीं, कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अब और सख्त तेवर में नजर आएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ हाईलेवल बैठक कर अपराध नियंत्रण की रणनीति की समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट एवं कड़े दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविन्द कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम/लाइन अरीबा नोमान, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर सिमरन सिंह आईपीएस समेत सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।
सड़कों पर बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी
एसएसपी ने वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा फरार आरोपियों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ ही जनशिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस गश्त और प्रभावी पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर रखने तथा महिला एवं बाल अपराधों में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
त्योहारों पर अलर्ट मोड में रहेगी पुलिस
आगामी त्योहारों को देखते हुए जनपद पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने और लापरवाही सामने आने पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील स्थानों, प्रमुख बाजारों और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। चौबीसों घंटे प्रभावी पेट्रोलिंग और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक से निकला साफ संदेश
- वांछित एवं वारंटी आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान
- लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण
- सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी और गश्त बढ़ाने के निर्देश
- महिला सुरक्षा एवं बाल अपराधों पर विशेष निगरानी
- जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर
- त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था










