साइलेनसेर के शोर पर झांसी पुलिस का शिकंजा
-
बुलेट की रफ्तार नहीं, अब पुलिस की कार्रवाई तेज है।
नंबर प्लेट, साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न पर सख्त शिकंजा। -
शौक के नाम पर नियम तोड़े तो बाइक होगी सीज।
पुलिस ने दो दिनों में 7 बुलेट पर कीकार्रवाई। 
बुलेट के शौकीनों पर पुलिस की सख्ती, दो दिन में 7 बाइक सीज
तेज आवाज वाले साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाकर सड़कों पर घूमने वाले बाइक सवारों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। खास तौर पर बुलेट मोटरसाइकिलों में नियम विरुद्ध बदलाव कर सड़क पर शोर और हुड़दंग करने वालों पर यातायात पुलिस की नजर है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने महज दो दिनों में 7 बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान कुल 1 लाख 23 हजार रुपये का चालान भी किया गया।
पिछले कुछ समय से ऐसे वाहनों की जांच कर रही पुलिस , जिनमें नंबर प्लेट नहीं लगी है या फिर कंपनी से मिले मूल साइलेंसर और हॉर्न में बदलाव किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, कई युवा बुलेट को आकर्षक और अलग दिखाने के चक्कर में उसमें मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज आवाज वाले हॉर्न लगवा लेते हैं। इसके बाद सड़क पर इनका इस्तेमाल दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनता है।
टीआई देवेंद्र कुमार शर्मा ने कार्रवाई को लेकर कहा कि बुलेट अपने मजबूत निर्माण और बेहतर सुरक्षा के लिए जानी जाती है। लेकिन कुछ लोगों द्वारा नियमों के खिलाफ किए जा रहे बदलावों की वजह से वाहन की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने साफ किया कि बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना, तेज आवाज करने वाला मॉडिफाइड साइलेंसर लगाना और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करना यातायात नियमों के दायरे में कार्रवाई योग्य है।
पुलिस का कहना है कि सड़क पर तेज आवाज और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से आम लोगों में परेशानी के साथ डर का माहौल भी बनता है। इसी को देखते हुए चेकिंग अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि बाइक को मॉडिफाई कर अनावश्यक शोर पैदा करने या सड़क पर स्टंट दिखाने से बचें। यातायात नियमों का पालन कर न केवल खुद सुरक्षित रहें, बल्कि सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।










