डीआरएम अनिरुद्ध कुमार और सीनियर डीसीएम अमन वर्मा के आदेश पर ई-कैटरिंग की आड़ में अवैध खान-पान पर शिकंजा! ट्रेन 18237 में खाना पहुंचाते तीन अनाधिकृत वेंडर पकड़े गए प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर कार्रवाई, ऑथराइज्ड और मेडिकल कार्ड नहीं मिले; आरपीएफ के हवाले
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर ई-कैटरिंग की आड़ में अनधिकृत खान-पान गतिविधि के खिलाफ कार्रवाई की गई। डीआरएम अनिरुद्ध कुमार के दिशा-निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के आदेश पर वाणिज्य विभाग और आईआरसीटीसी की संयुक्त टीम ने औचक जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान ट्रेन नंबर 18237 के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर पहुंचने पर तीन अनाधिकृत वेंडर ट्रेन में खाने की थालियां लेकर जाते हुए पकड़े गए। जांच में तीनों के पास न तो कोई अधिकृत पहचान पत्र मिला और न ही मेडिकल कार्ड। बिना आवश्यक दस्तावेजों के खान-पान सामग्री लेकर ट्रेन में पहुंचने पर टीम ने तीनों को पकड़कर अग्रिम कार्रवाई के लिए आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया।
ई-कैटरिंग का नाम, वैध दस्तावेज नदारद!
जांच में सामने आया कि पकड़े गए वेंडर यात्रियों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए ट्रेन तक पहुंचे थे, लेकिन अधिकृत वेंडिंग से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उनके पास नहीं थे। रेलवे स्टेशन परिसर में अनधिकृत रूप से खान-पान सामग्री लेकर ट्रेन तक पहुंचने की गतिविधि पर टीम ने तत्काल कार्रवाई की।
आरपीएफ के हवाले, अब होगी आगे की कार्रवाई
तीनों वेंडरों को आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया गया है। अब आगे की कार्रवाई के साथ यह भी जांच का विषय है कि बिना अधिकृत कार्ड और मेडिकल कार्ड के ये वेंडर स्टेशन परिसर में किस तरह सक्रिय थे।
कार्रवाई के दौरान मुख्य खान-पान निरीक्षक राजेश कुमार यादव, खान-पान निरीक्षक अशोक कुमार रायकवार और आईआरसीटीसी स्टेशन मैनेजर शिवनाथ समेत संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।










