अमन वर्मा ने खुद जांची पैंट्रीकार, मानकविहीन चाय के कप पकड़े मंगला एक्सप्रेस में 27 पेटी अनधिकृत पानी जब्त, चार अनधिकृत व्यक्ति आरपीएफ के हवाले झांसी स्टेशन पर पैंट्रीकारों में रेलवे का सरप्राइज फोर्ट्रेस चेक अभियान

रिपोर्ट नवीन यादव

झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को ट्रेनों में उपलब्ध कराई जा रही खानपान सेवाओं की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच के लिए सोमवार को रेलवे ने सरप्राइज फोर्ट्रेस चेक अभियान चलाया। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के नेतृत्व में स्टेशन से गुजरने वाली पैंट्रीकार युक्त ट्रेनों की सघन जांच की गई।

अभियान के दौरान पैंट्रीकार की स्वच्छता, रख-रखाव, खानपान कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, वर्दी, हैंड ग्लव्स और हेड गियर के इस्तेमाल की जांच की गई। इसके अलावा कच्ची खाद्य सामग्री के भंडारण, तैयार भोजन की स्वच्छता एवं सुरक्षित रख-रखाव, कीट नियंत्रण व्यवस्था और ट्रेनों में रेल नीर की उपलब्धता भी परखी गई।

जांच के दौरान 12617 मंगला एक्सप्रेस में 27 पेटी अनधिकृत पानी पाया गया, जिसे टीम ने जब्त कर लिया। वहीं 20104 गोरखपुर–लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा ने खुद चाय के कपों की जांच की। कप निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर उन्हें जब्त कर जांच के लिए भेजा गया।

चेकिंग के दौरान चार अनधिकृत व्यक्तियों को भी पकड़ा गया, जिन्हें अग्रिम कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सुपुर्द किया गया। कार्रवाई से पैंट्रीकारों में अनधिकृत गतिविधियों और खानपान व्यवस्था में मानकों की अनदेखी करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।

अभियान के दौरान 12617 मंगला एक्सप्रेस, 12625 केरला एक्सप्रेस, 18477 उत्कल एक्सप्रेस, 20104 गोरखपुर–लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, 12138 पंजाब मेल, 18238 एवं 18237 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, 11077 झेलम एक्सप्रेस, 12137 पंजाब मेल, 12618 मंगला एक्सप्रेस और 12808 समता एक्सप्रेस समेत पैंट्रीकार युक्त ट्रेनों की जांच की गई।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खानपान सामग्री खरीदें और खरीदारी का बिल अवश्य प्राप्त करें। निर्धारित दरों पर खानपान सामग्री उपलब्ध कराने तथा गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *