पितृपक्ष मेले में सुरक्षा का कड़ा पहरा, आईजी आरपीएफ अमरेश कुमार ने किया निरीक्षण लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ से पहले गया स्टेशन पर आरपीएफ का शिकंजा, बनारसी यादव के नेतृत्व में अतिरिक्त जवान मैदान में चोर-उचक्कों, नशाखुरानी गिरोह और दलालों की खैर नहीं, सादे कपड़ों में जवानों की पैनी नजर

रिपोर्ट नवीन यादव

गया। पितृपक्ष मेले में लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ से पहले गया रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को आरपीएफ ने पूरी तरह चौकस कर दिया है। 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलने वाले मेले को लेकर आईजी आरपीएफ अमरेश कुमार ने स्टेशन का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मोक्षभूमि गया में देश-विदेश से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अपराधियों को सक्रिय होने से रोकने के लिए आरपीएफ ने सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया है। निरीक्षण के दौरान प्लेटफार्म, प्रवेश-निकास द्वार, यात्री आवागमन क्षेत्र और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया।

बनारसी यादव के नेतृत्व में आरपीएफ पूरी तरह अलर्ट

आरपीएफ पोस्ट गया के प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव के नेतृत्व में स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त आरपीएफ जवानों और महिला आरक्षियों की तैनाती के साथ भीड़ वाले स्थानों पर गश्त बढ़ाई गई है। जवानों को हर संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सादे कपड़ों में जवान, अपराधियों की हर चाल पर नजर

मेले की भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों को निशाना बनाने वाले चोरों, नशाखुरानी गिरोह, ठगों और दलालों पर विशेष निगरानी रहेगी। सादे कपड़ों में जवान यात्रियों के बीच रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु मिलने पर तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

कैमरों की नजर से बचना मुश्किल

स्टेशन परिसर और प्रमुख यात्री क्षेत्रों में लगे निगरानी कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। प्रवेश-निकास द्वारों से लेकर प्लेटफार्म तक संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। भीड़ की आड़ में अपराध करने या यात्रियों को परेशान करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

भीड़ बढ़ी तो कतार और एकतरफा आवागमन

श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए प्लेटफार्मों पर कतार व्यवस्था तथा पैदल पुल पर एकतरफा आवागमन प्रभावी किया जाएगा। भीड़ का दबाव बढ़ने पर तत्काल नियंत्रण व्यवस्था लागू करने की तैयारी है, ताकि भगदड़ जैसी स्थिति को रोका जा सके।

‘आरपीएफ मित्र’ और सहायता केंद्र रहेंगे सक्रिय

गया स्टेशन पर ‘आरपीएफ मित्र’ और सहायता केंद्र श्रद्धालुओं की मदद के लिए सक्रिय रहेंगे। यात्रियों को सुरक्षा, यात्रा और स्टेशन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के साथ जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता दी जाएगी। मेले के दौरान आरपीएफ का मुख्य फोकस श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई रहेगा।

निरीक्षण एवं बैठक के दौरान सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह, आरपीएफ पोस्ट गया के प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव, सीआईबी निरीक्षक चंदन कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *