चेन्नई में डीजी आरपीएफ सोनाली मिश्रा का सुरक्षा मंथन, रेलवे सुरक्षा पर कसा शिकंजा तमिलनाडु पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय समन्वय बैठक—मानव तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी और अपराध नियंत्रण पर रणनीति चेन्नई सेंट्रल आरपीएफ पोस्ट का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी

   रिपोर्ट नवीन यादव 

 

चेन्नई। रेलवे सुरक्षा बल की महानिदेशक सोनाली मिश्रा ने चेन्नई दौरे के दौरान रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर तमिलनाडु पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने तमिलनाडु पुलिस मुख्यालय पहुंचकर पुलिस महानिदेशक डॉ. महेश कुमार अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा एवं आपसी तालमेल को लेकर विस्तृत चर्चा की।

उच्चस्तरीय समन्वय बैठक में आरपीएफ और तमिलनाडु पुलिस के बीच बेहतर तालमेल, मानव तस्करी पर प्रभावी रोक, मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा तथा खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान जैसे गंभीर मुद्दों पर रणनीतिक चर्चा हुई। अपराध से जुड़ी सूचनाओं को समय रहते साझा करने और जरूरत पड़ने पर संयुक्त कार्रवाई को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

चेन्नई सेंट्रल आरपीएफ पोस्ट का निरीक्षण

दौरे के दौरान डीजी आरपीएफ सोनाली मिश्रा ने चेन्नई सेंट्रल आरपीएफ पोस्ट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था और आरपीएफ की कार्यप्रणाली से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को परखा। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

सीसीटीवी और आपातकालीन व्यवस्था पर भी फोकस

डीजी आरपीएफ द्वारा प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा तंत्र और आपातकालीन सुविधाओं की समीक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। रेलवे परिसर में अपराध रोकने के साथ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना आरपीएफ की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है।

चेन्नई में डीजी आरपीएफ का यह दौरा रेलवे सुरक्षा के साथ-साथ आरपीएफ और राज्य पुलिस के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मानव तस्करी और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे संगठित अपराधों के खिलाफ सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त प्रयासों को मजबूत करने से सुरक्षा तंत्र को और प्रभावी बनाने की उम्मीद है।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *