रक्तदान से मानव सेवा तक आरपीएफ आगरा ने रचा सेवा का अध्याय वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामकृष्णन की मौजूदगी में 32 जवानों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान, रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया प्रोत्साहित; वृद्धाश्रम में 200 वृद्ध व दिव्यांगजनों को कराया भोजन
आगरा। आरपीएफ स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को आरपीएफ आगरा ने रेलवे सुरक्षा के साथ मानवीय सेवा की मिसाल पेश की। स्थापना दिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर में 32 आरपीएफ जवानों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए मदद का हाथ बढ़ाया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त/आरपीएफ आगरा एस. रामकृष्णन मौजूद रहे। जिला चिकित्सालय की मेडिकल टीम की देखरेख में आरपीएफ कर्मियों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले जवानों को प्रोत्साहित करते हुए प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
वृद्धाश्रम में पहुंची आरपीएफ की संवेदना
स्थापना दिवस पर आरपीएफ आगरा किला के प्रभारी निरीक्षक की ओर से रामलाल वृद्धाश्रम, आगरा में भी सेवा कार्य किया गया। यहां लगभग 200 वृद्ध एवं दिव्यांगजनों को भोजन वितरित कर कराया गया।
आरपीएफ की इस पहल पर वृद्धाश्रम में रहने वाले वृद्ध एवं दिव्यांगजनों ने आभार व्यक्त किया। स्थापना दिवस पर रक्तदान और सेवा कार्य के जरिए आरपीएफ आगरा ने सुरक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS










