पुलिस लाइन के मुख्य गेट पर हंगामा, पांच किन्नर गिरफ्तार रास्ता बाधित करने और पुलिसकर्मियों से अभद्रता के आरोप न्यायालय में पेशी के बाद पांचों को भेजा गया जेल

झांसी। पुलिस लाइन के मुख्य गेट पर 24 अक्टूबर की शाम हुए हंगामे के मामले में थाना नवाबाद पुलिस ने किन्नर समाज के चार सदस्यों और उनके एक सहयोगी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर यातायात बाधित करने, राहगीरों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा धक्का-मुक्की करने के आरोप हैं।

पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर की शाम पुलिस लाइन के मुख्य गेट पर यातायात बैरियर लगाए जाने से मार्ग बाधित हो गया था। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे किन्नरों और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी व धक्का-मुक्की होने की बात सामने आई। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने वाहनों के बोनट पर खड़े होकर नग्न अवस्था में प्रदर्शन किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने और संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास किया।

21 अक्टूबर को भी पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर को भी कुछ किन्नरों ने अपने विपक्षी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास किया था। पुलिस का आरोप है कि उस दौरान फिनाइल पीने की कोशिश भी की गई थी।

पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

थाना नवाबाद पुलिस ने मामले में अंशिका उर्फ अभिषेक, पूजा, नयनतारा, रशियन और ममता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद सभी को जेल भेज दिया गया।

मामले में लगाए गए आरोप पुलिस के पक्ष पर आधारित हैं। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।

रिपोर्ट: नवीन यादव VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *