खून बेचो… वरना पढ़ाई छोड़ो! गरीब छात्रों की नसें अब कोचिंग की फीस चुका रही है
रिपोर्ट इंद्र यादव/उत्तर प्रदेश! प्रयागराज की गलियों में आज एक खौफनाक सच्चाई घूम रही है। नीट-एसएससी की कोचिंग में बैठे वे बच्चे, जिनकी आँखों में अभी भी आईएएस-डॉक्टर बनने के सपने चमकते हैं, महीनों से हॉस्टल की फीस न भर पाने के कारण ब्लड बैंक के बाहर खड़े हैं। कोई महीने में दो बार, कोई चार बार अपनी नसों से खून निकालकर बेच रहा है। सिर्फ इसलिए कि कोचिंग की फीस, मेस का बिल और कमरे का किराया घर की खेतीबाड़ी से नहीं निकल पा रहा।
यह कोई फिल्म की स्क्रिप्ट नहीं है। यह यूपी के उन हजारों गरीब छात्रों की जिंदगी है, जिनके पिता किसान हैं, माँ नहीं है, छोटी बहनें गाँव में दाल-रोटी का हिसाब रख रही हैं। छात्र साफ कहता है— “खून तो फिर बन जाएगा, लेकिन पढ़ाई नहीं हुई तो बेरोजगार रह जाऊँगा।” ये वाक्य सुनकर दिल काँप जाता है। एक तरफ देश “अटल बिहारी वाजपेयी” और “अब्दुल कलाम” के नाम पर शिक्षा का जयकारा लगा रहा है, दूसरी तरफ उसी देश के बच्चे अपनी जिंदगी की सबसे कीमती चीज—खून—बेचकर किताबें खरीद रहे हैं।
तीखा तंज यह है कि हमने शिक्षा को इतना महँगा बना दिया है कि गरीब का बच्चा या तो हार मान ले या अपनी नसों को दुकान बना ले। कोचिंग संस्थानों की फीस आसमान छू रही है, हॉस्टल वाले हर महीने कीमती नोट माँगते हैं, और सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के नारे पर नये-नये ऐलान करती रहती है। लेकिन जब कोई छात्र दो महीने की बकाया फीस चुकाने के लिए ब्लड बैंक पहुँचता है, तो कोई मंत्री, कोई अधिकारी, कोई शिक्षा विशेषज्ञ नजर नहीं आता। सब चुप हैं। शायद इसलिए कि खून बेचने वाले छात्रों की संख्या वोट बैंक में नहीं गिनी जाती।
समाज का दर्द और भी गहरा है। हम सोशल मीडिया पर “शिक्षा सबका अधिकार” के पोस्ट शेयर करते हैं, लेकिन जब पास का बच्चा खून बेचने जाता है तो हमारा मुँह बंद हो जाता है। हम “मेहनत करो, सपने पूरे होंगे” की सीख देते हैं, लेकिन यह नहीं बताते कि मेहनत के साथ-साथ खून भी बेचना पड़ेगा। यह कैसी शिक्षा व्यवस्था है जहाँ गरीब का सपना उसके शरीर का सौदा बन जाता है?
ये छात्र पाप नहीं कर रहे। ये सिर्फ जिंदा रहने और आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन हमारा सिस्टम इतना क्रूर हो चुका है कि उसने शिक्षा को भी बाजार बना दिया है। जहाँ पैसे वाले बच्चे एयर-कंडीशंड क्लासरूम में बैठकर सपने देखते हैं, वहीं गरीब के बच्चे नसों से खून निकालकर उसी सपने की फीस जमा करते हैं। यह सिर्फ प्रयागराज की कहानी नहीं है। यह पूरे देश की चुप्पी की कहानी है।
अब सवाल यह है—कितने और छात्रों को अपनी जिंदगी की कीमत चुकानी पड़ेगी? कब तक हम शिक्षा को इतना महँगा रखते रहेंगे कि गरीब का बच्चा या तो हार मान ले या अपनी नसें बेच दे? सरकार, कोचिंग माफिया और समाज—तीनों को आईना दिखाने का वक्त आ गया है। वरना एक दिन यह खून सिर्फ ब्लड बैंक में नहीं, बल्कि सड़कों पर भी बहेगा। और तब कोई नारा, कोई योजना, कोई भाषण काम नहीं आएगा।
ये बच्चे खून बेच रहे हैं। हम अपनी संवेदनाएँ कब बेचेंगे!










