ट्रेन में पटाखे ले जाने वालों की खैर नहीं! झांसी स्टेशन पर RPF-GRP का सघन चेकिंग अभियान त्योहारों से पहले सुरक्षा का पहरा सख्त, प्लेटफार्म से प्रतीक्षालय तक हुई तलाशी; उपनिरीक्षक उमा यादव और अंकित कुमार ने संभाला मोर्चा
झांसी। त्योहारों का मौसम है और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। ऐसे में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। शुक्रवार को वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर दोनों सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त सघन चेकिंग अभियान चलाकर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली।
अभियान में आरपीएफ की उपनिरीक्षक उमा यादव और उपनिरीक्षक अंकित कुमार ने अपने स्टाफ तथा जीआरपी जवानों के साथ दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक जांच की। इस दौरान सभी प्लेटफार्मों, यात्री प्रतीक्षालयों, विश्रामालयों, शौचालयों और अन्य संवेदनशील स्थानों को खंगाला गया।
पटाखों और विस्फोटक सामग्री पर रही खास नजर
चेकिंग के दौरान ज्वलनशील पदार्थों, पटाखों, विस्फोटक सामग्री और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की विशेष रूप से जांच की गई। यात्रियों के सामान के साथ लावारिस वस्तुओं की भी बारीकी से तलाशी ली गई, ताकि किसी भी संभावित खतरे अथवा असामाजिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
जांच में नहीं मिला कोई संदिग्ध
संयुक्त अभियान के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु नहीं मिली। सुरक्षा बलों ने यात्रियों को स्पष्ट संदेश दिया कि दीपावली के पटाखे घर पर ही अच्छे लगते हैं, रेलगाड़ी में नहीं। यात्रियों से ज्वलनशील पदार्थ और पटाखे ट्रेन में नहीं ले जाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल RPF अथवा GRP को देने की अपील की गई।
दो ट्रेनों को भी कराया सकुशल पास
अभियान के दौरान गाड़ी संख्या 11123 एवं 19666 को सकुशल पास कराया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान स्टेशन परिसर में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सामान्य रही। त्योहारों के मद्देनजर RPF और GRP की इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करना है।
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










