एसएसपी विकास कुमार ने सपरिवार अनाथ बच्चों के बीच मनाई दीपावली नैनागढ़ स्थित सेंट ज्यूड्स होम में बच्चों के साथ साझा कीं खुशियां, पुलिस अधीक्षक की आत्मीय पहल ने जीता दिल

 

झाँसी। दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने का भी संदेश देता है। इसी मानवीय भावना का परिचय देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी विकास कुमार ने रविवार को सपरिवार अनाथ एवं परित्यक्त बच्चों के बीच पहुंचकर दीपावली का पर्व मनाया।

थाना प्रेमनगर क्षेत्र के नैनागढ़ स्थित सेंट ज्यूड्स होम में आयोजित इस कार्यक्रम में एसएसपी विकास कुमार ने बच्चों और बालिकाओं के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने बच्चों को स्नेह, शुभकामनाएं देते हुए उनके साथ आत्मीय समय बिताया। पुलिस अधीक्षक और उनके परिवार की मौजूदगी से बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया।

इस अवसर पर एसएसपी ने बच्चों के बीच रहकर उन्हें यह अहसास कराया कि त्योहारों की खुशियां बांटने से ही उनका वास्तविक महत्व बढ़ता है। पुलिस विभाग की इस संवेदनशील पहल ने सामाजिक सरोकार और मानवीय रिश्तों की एक सुखद तस्वीर प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात रामवीर सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना प्रेमनगर शेर सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *