डीआरएम के सख्त निर्देश पर आरपीएफ ने हटवाए सड़क किनारे खड़े वाहन, रास्ता कराया साफ  आज से स्टेशन पर शुरू होगा 40 दिन का निर्माण कार्य, प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बनेगा बैलास्टलेस ट्रैक मलबा ढोने के लिए बड़ी संख्या में निकलेंगी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, 58 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदलेंगे और 17 ट्रेनों के मार्ग होंगे परिवर्तित

 

 

झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर आज से शुरू होने जा रहे बैलास्टलेस ट्रैक निर्माण कार्य को लेकर रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर लगभग 40 दिनों तक चलने वाले इस कार्य के दौरान निर्माण सामग्री और मलबे की ढुलाई के लिए बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का आवागमन होगा। ऐसे में स्टेशन पहुंचने वाले रास्तों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखना रेलवे प्रशासन के लिए चुनौती रहेगा।

इसी को देखते हुए डीआरएम अनिरुद्ध कुमार के सख्त निर्देश पर आरपीएफ ने स्टेशन पहुंच मार्ग पर कार्रवाई करते हुए बेतरतीब खड़े दोपहिया वाहनों को हटवाकर रास्ता साफ कराया। रेलवे प्रशासन की मंशा है कि निर्माण कार्य के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

रेलवे स्टेशन के आसपास और पहुंच मार्ग पर यदि दोपहिया वाहन इसी तरह बेतरतीब खड़े रहे तो आने वाले दिनों में जाम की स्थिति बन सकती है। विशेषकर मलबा ढोने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के लगातार आवागमन के बीच थोड़ी सी लापरवाही भी यात्रियों और आम राहगीरों की परेशानी बढ़ा सकती है।

निर्माण कार्य के चलते रेल परिचालन में भी बदलाव किया गया है। इसके तहत 58 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले जाएंगे, जबकि 17 ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित रहेंगे। ऐसे में यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन के प्लेटफॉर्म और मार्ग संबंधी जानकारी अवश्य कर लेनी चाहिए।

अब देखना यह होगा कि 40 दिनों तक चलने वाले इस निर्माण कार्य के दौरान स्टेशन के रास्तों पर यातायात व्यवस्था कितनी सुचारु बनी रहती है।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *