छह द्वारों पर सजीं वीरांगना लक्ष्मीबाई के शौर्य की झांकियां, घोड़े पर सवार दीपिका ने बुलंद किया नारा बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने ईलाइट चौराहे पर धूमधाम से मनाई महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती, ऐतिहासिक प्रसंगों को किया जीवंत

 

**झांसी।** गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के तत्वावधान में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई का जन्मदिवस ईलाइट चौराहे पर हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महारानी के जीवन, संघर्ष, वीरता और अदम्य साहस को दर्शाती आकर्षक झांकियां सजाई गईं, जिन्होंने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

 

कार्यक्रम में महारानी लक्ष्मीबाई के जीवन से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इनमें उनकी जन्मस्थली वाराणसी, नाना साहब के साथ शस्त्र और पराक्रम का प्रशिक्षण, झांसी के गणेश मंदिर में विवाह, पुत्र को जन्म देने, रानी महल में अंग्रेजों के विरुद्ध हुंकार भरने और ‘मैं अपनी झांसी नहीं दूंगी’ का संकल्प लेने जैसे प्रसंग शामिल रहे। इसके साथ ही पुत्र को पीठ पर बांधकर घोड़े सहित किले की प्राचीर से छलांग लगाने और ग्वालियर में अदम्य शौर्य का प्रदर्शन करने के ऐतिहासिक दृश्य भी दर्शाए गए।

 

नेहरू चौक पर छह द्वार बनाकर महारानी लक्ष्मीबाई के जीवन के विभिन्न स्वरूपों को आकर्षक झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इन झांकियों के अवलोकन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। महारानी के जीवन से जुड़े प्रसंगों की प्रस्तुति जनमानस के बीच चर्चा का विषय बनी रही।

 

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण महारानी लक्ष्मीबाई के स्वरूप में सजीं कुमारी दीपिका रहीं। उन्होंने घोड़े पर सवार होकर नेहरू चौक के लगातार चक्कर लगाए और ‘मैं अपनी झांसी नहीं दूंगी’ का नारा बुलंद किया। उनकी प्रस्तुति ने वीरांगना के शौर्य और स्वाभिमान की यादें ताजा कर दीं।

 

इस अवसर पर बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानू सहाय, पूर्व प्रवक्ता बुंदेलखंड क्षेत्र कांग्रेस पार्टी राजेंद्र शर्मा एडवोकेट, अशोक सक्सेना एडवोकेट, रघुराज शर्मा, वरुण अग्रवाल, प्रदीप नाथ झा, अनिल कश्यप, उत्कर्ष साहू, नरेश वर्मा, रामकुमार खरे, संतोष ऋषि, राकेश तिवारी, शाहजहां बेगम, कलाम कुरैशी, शंभू सैन और सिकंदर खान सहित अन्य लोगों ने दीपांजलि अर्पित कर वीरांगना को नमन किया।

 

लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद मणि तिवारी, महासचिव रमेश भूषण, बुंदेलखंड अध्यक्ष अशोक सोनी, महासचिव गौरव यादव, जिलाध्यक्ष रामनरेश वर्मा एवं प्रदेश महासचिव गोलू ठाकुर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *