झांसी में पत्रकार वार्ता के नाम पर 40 चेहरे पहुंचे, खबर छापने वाले महज छह! बाकी का मकसद क्या था? नाश्ता-पानी और उपहार लेने वालों की भीड़, लेकिन खबर जनता तक पहुंचाने में अधिकांश ने नहीं दिखाई दिलचस्पी

 

झांसी में एक समाजसेवी द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जाता है कि पत्रकार वार्ता में करीब 40 लोग पहुंचे। आयोजक समाजसेवी ने सभी के लिए नाश्ते-पानी की व्यवस्था की और उपहार भी भेंट किए। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों में से महज छह लोगों ने ही अपने-अपने समाचार माध्यमों पर पत्रकार वार्ता की खबर प्रकाशित या प्रसारित की।

अब सवाल यह उठता है कि बाकी लोग आखिर किस उद्देश्य से पत्रकार वार्ता में पहुंचे थे? क्या उनका मकसद खबरों को जनता तक पहुंचाना था या फिर नाश्ता-पानी और उपहार लेकर वापस लौटना ही उनकी प्राथमिकता थी?

झांसी में पत्रकारिता के नाम पर एक और तस्वीर देखने को मिल रही है। कुछ लोग अलग-अलग चैनलों के नाम की माइक आईडी और गले में प्रेस कार्ड डालकर पत्रकार वार्ताओं में पहुंच जाते हैं। लेकिन केवल माइक आईडी पकड़ने और प्रेस कार्ड पहनने से पत्रकारिता की जिम्मेदारी पूरी नहीं हो जाती।

पत्रकारिता महज पहचान पत्र, माइक आईडी या आयोजनों में मौजूदगी का नाम नहीं है। यह जनता के प्रति जवाबदेही, तथ्यों की पड़ताल और खबर को जिम्मेदारी के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है।

बेशक, हर पत्रकार वार्ता में मौजूद हर व्यक्ति के लिए खबर प्रकाशित करना अनिवार्य नहीं है और न ही उपहार या नाश्ते के बदले खबर छापना पत्रकारिता का धर्म है। लेकिन यदि कोई व्यक्ति खुद को पत्रकार बताकर किसी समाचार माध्यम का प्रतिनिधित्व करता है, तो उसकी पहचान और पेशेवर जिम्मेदारी पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

सवाल समाजसेवी के नाश्ते और उपहार का नहीं, बल्कि पत्रकारिता की पहचान और जिम्मेदारी का है। आखिर झांसी में पत्रकार वार्ता में पहुंचे 40 लोगों में से खबर जनता तक पहुंचाने वाले केवल छह ही क्यों निकले?

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *