अब घर बैठे होगी रेल पार्सल की बुकिंग, रेलवे शुरू करेगा ‘रेल पार्सल ऐप – घर से घर तक’ सेवा रेलवे बोर्ड ने जारी की नई नीति; आठ बड़े शहरों से होगी शुरुआत, ऑनलाइन बुकिंग और डिजिटल भुगतान की मिलेगी सुविधा

  

 

नई दिल्ली। रेलवे से पार्सल भेजने वालों के लिए बड़ी सुविधा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। रेल मंत्रालय ने पार्सल सेवाओं को आधुनिक और आसान बनाने की दिशा में ‘रेल पार्सल ऐप – घर से घर तक’ नाम से एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने का निर्णय लिया है। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद ग्राहकों को पार्सल रेलवे स्टेशन तक पहुंचाने और उससे संबंधित कागजी औपचारिकताओं के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।

रेलवे बोर्ड की ओर से 26 अक्टूबर 2026 को जारी फ्रेट मार्केटिंग सर्कुलर संख्या 27/2026 के तहत इस नई व्यवस्था के लिए नीतिगत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। यह ऐप मोबाइल फोन (एंड्रॉयड और आईओएस) के साथ वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराने की योजना है।

नई व्यवस्था के तहत ग्राहक लॉजिस्टिक्स सर्विस पार्टनर्स (एलएसपी) के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग और डिजिटल भुगतान कर सकेंगे। इसके जरिए पार्सल को घर से उठाने और निर्धारित स्थान तक पहुंचाने सहित शुरू से अंत तक की सेवा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। जरूरत के अनुसार अन्य अतिरिक्त सुविधाएं भी दी जा सकेंगी। इससे ग्राहकों को पार्सल लेकर रेलवे परिसर पहुंचने और संबंधित दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत कम होगी।

आठ महानगरों से होगी शुरुआत

रेलवे की योजना के पहले चरण में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु और पुणे में इस ऐप को लागू किया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से देशभर में इसका विस्तार करने की तैयारी है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधकों को मिलेगी जिम्मेदारी

रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिए हैं कि वे अपने मंडलों में लॉजिस्टिक्स सर्विस प्रोवाइडर्स को ऐप के संचालन और कार्यान्वयन के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) इस व्यवस्था की निगरानी और सुचारु संचालन के लिए नोडल अधिकारी नामित करेंगे।

इस पूरी डिजिटल व्यवस्था के विकास और तकनीकी परीक्षण की जिम्मेदारी सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स (क्रिस) को दी गई है। आवश्यक परीक्षण पूरे होने के बाद रेलवे बोर्ड की ओर से जोनल रेलवे को ऐप लागू करने की तारीख की जानकारी दी जाएगी।

रेलवे की पार्सल सेवा में आएगा बदलाव

रेलवे की इस पहल को पार्सल परिवहन व्यवस्था को डिजिटल बनाने और ग्राहकों को घर बैठे सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे व्यापारियों, छोटे कारोबारियों और आम ग्राहकों को पार्सल भेजने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *